कोलकाता,: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि पंजाब और उनके राज्य के लोगों ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई थी।

सिख धर्म के संस्थापक गुरुनानक देव की 553वीं जयंती मनाने के लिए यहां शहीद मीनार मैदान में आयोजित एक समारोह में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री ने यह उल्लेख किया कि पंजाबियों और बंगालियों के बीच गहरा जुड़ाव है।

ममता ने कहा, ‘‘यदि आप अंडमान सेल्युलर जेल जाएंगे और ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ने वाले लोगों की सूची देखेंगे, तो आप यह पाएंगे कि पंजाब और बंगाल के लोगों ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब और पश्चिम बंगाल के बीच कई साझा चीजें हैं और इन दोनों के बीच एक गहरा जुड़ाव है। पंजाब के लोगों ने राष्ट्र के लिए लड़ाई लड़ी और योगदान दिया। मैं पंजाब और वहां के लोगों को सलाम करती हूं।’’