वाशिम (महाराष्ट्र) : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान पर प्रतिदिन हमला करती है क्योंकि वह यह स्वीकार नहीं करना चाहती कि दलितों, आदिवासियों और गरीबों को अधिकार मिलने चाहिए।

गांधी ने हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर पर अंग्रेजों के लिए "काम करने’’ को लेकर निशाना साधा।

गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 69वां दिन है और यात्रा मंगलवार को हिंगोली से महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के वाशिम जिले पहुंची। गांधी ने कहा कि केवल कांग्रेस ही संविधान की रक्षा कर सकती है, आदिवासियों को शिक्षा दे सकती है और उनकी जमीन और अधिकारों की रक्षा कर सकती है।

गांधी आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे जिसे जनजातीय गौरव दिवस के तौर पर मनाया जाता है। रैली में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।

उन्होंने बिरसा मुंडा और सावरकर के बीच तुलना करने का प्रयास करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा अपने आदर्शों के लिए दृढ़ थे।

गांधी ने कहा, ‘‘वह (मुंडा) एक इंच भी पीछे नहीं हटे। वह शहीद हो गए। ये आपके (आदिवासी) प्रतीक हैं और आपको रास्ता दिखाते हैं। भाजपा-आरएसएस के प्रतीक सावरकर हैं। वह दो-तीन साल तक अंडमान में जेल में रहे। उन्होंने दया याचिकाएं लिखनी शुरू कर दीं।’’