हरिद्वार, 24 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र देश को बांटने वाला है। भाजपा जनता के सामने कांग्रेस के चरित्र को जनता के सामने लाने का काम करेगी।



रुड़की के सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता में कौशिक ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र देश को बांटने वाला और तुष्टीकरण को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति करती है। उनके घोषणा पत्र से विकास हमेशा दूर रहा है। उनके घोषणा पत्र से बहुसंख्यकों की बात नदारद है और अल्पसंख्यकों को महत्व दिया गया है।



कांग्रेस के आर्थिक सर्वेक्षण के बारे में उन्होंने कहा कि यह अल्पसंख्यक के लाभ के लिए है। आर्थिक सर्वेक्षण बहन-बेटियों का हक छीनने का काम करेगा। आरक्षण की सीमा हटाए जाने पर उन्होंने कहा कि क्या अब कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और डा. मनमोहन सिंह के समय के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र हमेशा ही समाज और देश के विपरीत रहा।



उन्होंने कांग्रेस को सनातन विरोधी बताते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्होंने राम मंदिर का न्यौता ठुकराया, वह भी उनकी मंशा को जाहिर करता है। परिवारवाद के नाम पर देश को लूटने का काम कांग्रेस ने किया।



प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, लोकसभा सह संयोजक मयंक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष संजय त्यागी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशील त्यागी, विधानसभा सह संयोजक सौरभ गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, बीएल अग्रवाल, अनुज त्यागी, एडवोकेट आशीष पंडित, कमल सैनी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सत्यवान/रामानुज