लखनऊ, 19 मार्च(हि.स.)। लखनऊ में लोकसभा चुनाव वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में मतदाता की पहली पसंद बने राजनाथ सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। राजनाथ सिंह ने बीते दो लोकसभा चुनाव में 54.27 प्रतिशत और इसके बाद 56.70 प्रतिशत वोट पाए हैं। 2014 से 2024 के बीच में लखनऊ के मतदाताओं में भारतीय जनता पार्टी और राजनाथ सिंह को लेकर विश्वास बढ़ा है।





उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ क्षेत्र से राजनाथ सिंह को उम्मीदवार बनाया है। लखनऊ लोकसभा सीट पर बीते दो चुनावों में राजनाथ सिंह ने अपने विपक्ष के चेहरे रीता बहुगुणा जोशी और पूनम सिन्हा को दोगुना के अंतर से हराया था। वर्ष 2014 में राजनाथ सिंह को 561106 वोट मिले थे तो उनसे मुकाबला कर रही कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार रीता बहुगुणा को 288357 वोट जो लगभग आधे के बराबर रहे।



वहीं वर्ष 2019 में राजनाथ सिंह को 633026 वोट मिले थे। उनके सामने चुनाव लड़ रही समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार पूनम सिन्हा को 285724 वोट ही मिले थे। जो भी आधे के बराबर ही थे। वर्ष 2024 में राजनाथ सिंह के चुनाव मैदान में उतरने से पहले ही समाजवादी पार्टी ने रविदास महरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में कांग्रेस से समाजवादी पार्टी का गठबंधन है। कांग्रेस के कार्यकर्ता लखनऊ में रविदास महरोत्रा के लिए अपना दम दिखायेंगे। इसी कारण राजनाथ सिंह से रविदास महरोत्रा का अच्छा मुकाबला होने की उम्मीद लगायी जा रही है।



भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजनाथ सिंह अभी तक लखनऊ के सांसद रहे। देश के गृह मंत्री और फिर रक्षा मंत्री रहे। उनके चुनाव प्रभार में जुटे उनके समर्थक एवं एमएलसी मुकेश शर्मा बताते हैं कि राजनाथ सिंह ने लखनऊ को रिंग रोड का तोहफा दिया। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सुविधा के लिए रिंग रोड बहुत सफल कार्यक्रम रहा है। राजनाथ सिंह ने भिटौली क्रांसिग, नाका हिण्डोला, नक्खास, चौक सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में लगने वाले जाम की समस्या को समाप्त करने के लिए फ्लाईओवर बनवाये।



भाजपा नेता पुष्कर शुक्ला ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहर के पार्को में ओपन जिम खोलवाये। जिससे शहरवासियों को सुबह शाम ओपन जिम में अपने स्वास्थ्य को ठीक करने का मौका मिला है। बच्चों के लिए खेलकूद करने का माध्यम भी ओपन जिम बना है। घर के नजदीक होने के कारण ओपन जिम का उपयोग बड़ी संख्या में महिलाएं भी कर रही है।



गौरतलब है कि राजनाथ सिंह के तमाम विकास कार्यो के मुकाबले समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रविदास महरोत्रा भी प्रदेश में रही अखिलेश यादव की सरकार के विकास कार्यो को गिनवाने में जुटे हैं। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल के विकास कार्यो को रविदास अपना बताकर अपने लिए वोट मांग रहे हैं। वहीं लखनऊ की जनता तो राजनाथ सिंह और रविदास महरोत्रा में ही मुकाबला मान रही है। दूसरे बड़ी पार्टियों के उम्मीदवारों के आने के बाद हो सकता है ये मुकाबला त्रिकोणी हो जाये।



हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/राजेश