लोस चुनाव : बसपा ने सुलतानपुर से उदयराज वर्मा को उतारा

Lok Sabha elections: BSP fields Udayraj Verma


सुलतानपुर,16 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के लिए बसपा ने सुलतानपुर सीट पर लम्बी प्रतीक्षा के बाद उदय राज वर्मा को उम्मीदवार घोषित कर दिया। अब सुल्तानपुर का चुनाव भाजपा, सपा और बसपा उम्मीदवार के बीच होगा। कांग्रेस पहले ही मैदान छोड़कर भाग चुकी है। अपने वोटरों को सपा की नाव पर सवार होने के लिए छोड़ दिया है। वोटर किस करवट जायेगा, यह किसी को नहीं पता।





बसपा का इतिहास



सुलतापुर लोकसभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी का दो बार खाता खुल चुका है। वर्ष 1999 के चुनाव में जयभद्र सिंह और 2004 में मोहम्मद ताहिर खान ने बसपा से चुनाव जीते थे। यहां बसपा का मुकाबला समाजवादी पार्टी से था। निवर्तमान सांसद मेनका गांधी को भाजपा ने टिकट दिया है तो वहीं आईएनडीआईए गठबंधन की तरफ से यह सीट समाजवादी पार्टी के खाते में है।



सुल्तानपुर सीट का इतिहास



2014 में भाजपा ने मेनका गांधी के बेटे वरुण गांधी को टिकट दिया था। वह यहां से निर्वाचित हुए थे। 2019 में भाजपा ने उम्मीदवार बदल दिया और मेनका गांधी को टिकट दिया। सुलतानपुर सीट 1952 से लेकर 1971 तक कांग्रेस के खाते में जाती रही। 1977 के चुनाव यह सीट जनता पार्टी के हिस्से में गई। 1980 और 1984 के चुनाव में फिर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। 1989 के चुनाव में जनता दल ने वापसी की। 1991, 96 और 98 के चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार जीते, इसके बाद 1999 और 2004 के चुनाव में बसपा, 2009 में कांग्रेस के उम्मीदवार को सफलता मिली। इस सीट पर 2014 से लगातार भाजपा को सफलता मिल रही है।



हिन्दुस्थान समाचार /दयाशंकर