अयोध्या धाम,11 नवंबर (हि.स.)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के स्वागत के लिए पूरी अयोध्या नगरी में भव्य सजावट की गई है। अयोध्यावासी राजाराम के स्वागत के लिए आतुर हैं।



मान्यतानुसार त्रेता युग में 14 वर्ष की वनवास की समाप्ति के बाद भगवान श्री राम के अयोध्या आगमन पर घर-घर में दीपक जले थे। ठीक उसी प्रकार अयोध्या दीपोत्सव 2023 श्री राम के शुभ आगमन का एहसास करा रहा है।



उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दीपोत्सव को भव्यता और दिव्यता प्रदान कर रही है। वैसे दीपोत्सव तो योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद कई वर्षों से मनाया जा रहा है, लेकिन इस बार का दीपोत्सव कुछ खास है।



 भगवान श्री राम की जन्म भूमि पर निर्माणाधीन भव्य दिव्य राम मंदिर इस बार दीपोत्सव को भी भव्यता प्रदान कर रहा है। आगामी 22 जनवरी 2024 को  राम मंदिर के गर्भ ग्रह में राम लला विराजमान हो जाएंगे। यह शुभ अवसर कई शताब्दियों बाद आया है। इसलिए राम भक्तों का उत्साह चरम पर है।



इस बार के दीपोत्सव पर पूरी अयोध्या को सजाया गया है। प्रत्येक वर्ष केवल नया घाट और राम की पैड़ी पर ही दीपोत्सव होता था। इस बार के दीपोत्सव में अयोध्या के सभी महत्वपूर्ण स्थलों सार्वजनिक स्थान और चौराहों पर दीपोत्सव किए जाएंगे। इस बार 24 लाख से अधिक दीपक जलाने की योजना है। राम की पैड़ी पर राम मंदिर का मॉडल प्रदर्शित किया गया है। वहीं कई स्थानों पर दीपों से जय श्री राम लिखा गया है।



हनुमानगढ़ के संत शिवकुमार दास ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि जब  से योगी जी उप्र के मुख्यमंत्री बने हैं, अयोध्या का चौमुखी विकास हो रहा है। दीपोत्सव को भी योगी जी ने ही शुरू कराया है। शिवकुमार दास ने कहा कि इस बार राम मंदिर का निर्माण चल रहा है तो श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया है।



हिंदुस्तान समाचार/ बृजनंदन