राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को धौलपुर में करेगी प्रवेश

Bharat Jodo Nyay Yatra will enter Dholpur on March 2


धौलपुर , 29 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को धौलपुर में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी अपने काफिले के साथ में धौलपुर शहर में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर पद यात्रा करेंगे। इसके बाद में न्याय यात्रा चंबल नदी तट पर मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश करेगी।

बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों पर मंथन किया गया। बैठक में प्रदेश महासचिव एवं राजाखेडा विधायक रोहित बोहरा ने कहा कि राहुल गांधी किसान और मजदूरों की एक बुलंद आवाज है। युवा, बेरोजगार, किसान तथा पिछडों को आर्थिक एवं सामाजिक न्याय दिलाने के लिए राहुल गांधी मणिपुर से महाराष्ट्र तक की भारत जोडो न्याय यात्रा पर निकले हैं। बोहरा ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में दो मार्च को भारत जोडो न्याय यात्रा दोपहर 12:30 बजे धौलपुर के राजाखेड़ा बाईपास से शुरू होगी तथा गुलाब बाग एवं सागर पाड़ा होते हुए मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए राजस्थान के प्रभारी महासचिव सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अखिल भारतीय कांग्रेस तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं विधायकगण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन धौलपुर पहुंचेंगे। बोहरा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का धौलपुर में भव्य स्वागत किया जाएगा तथा सभी कांग्रेसजन राहुल गांधी के साथ में पदयात्रा करेंगे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा ने भारत जोडो न्याय यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा, राजाखेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह जादौन, प्रदेश सचिव अमित मुद्गल एवं धर्मेंद्र शर्मा ,महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना सिंगल एवं सेवादल अध्यक्ष समृद्धि दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।