रायगढ़ 27 दिसंबर  । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज ( बुधवार ) रायगढ़ जिले के प्रवास पर रहेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय रायगढ़ में आयोजित रोड-शो कार्यक्रम एवं अग्रोहा धाम के लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, ओपी चौधरी के साथ विधायक, भाजपा और कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री शामिल होंगे। अग्र समाज द्वारा निर्मित धर्मशाला देश की सबसे बड़ी धर्मशाला होगी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समाज के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, समाज के लोग प्रदेशभर और दूसरे राज्यों से पहुंचेंगे। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री साय पहली बार रायगढ़ आएंगे। वहीं शहर में पहली बार किसी लोकसभा अध्यक्ष का आगमन होगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दोपहर 2 बजकर 40 मिनट पर रायगढ़ पहुंचेंगे। दोपहर 3.15 बजे से कबीर चौक रायगढ़ से रोड शो कार्यक्रम में शामिल होंगे। रोड शो बीजेपी दफ्तर पहुंचेगा। मुख्यमंत्री साय शाम 4.55 बजे सर्किट हाउस आएंगे। यहां से 5.45 बजे श्री अग्रोहा धाम रायगढ़ में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री साय रात्रि आठ बजे होटल ट्रिनिटी ग्रैंड रायगढ़ में पत्रकारों तथा वरिष्ठजन से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम रायगढ़ में ही होगा। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला चार्टर्ड प्लेन से दोपहर 2:30 बजे रायगढ़ पहुंचेंगे। 2.30 से शाम छह बजे तक लोकसभा अध्यक्ष सर्किट हाउस में कुछ प्रतिष्ठत लोगों से मिलेंगे। छह से आठ बजे तक बिरला अग्रोहाधाम लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। रात्रि 8.15 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे।