औरंगाबाद (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के मंत्री अब्दुल सत्तार ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र सिल्लोड में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।

सत्तार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना धड़े का हिस्सा हैं और राज्य की गठबंधन सरकार में मंत्री हैं।

सत्तार ने एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने रुख से शिंदे को अवगत करा दिया है और इस संबंध में शिंदे फैसला करेंगे।

उन्होंने कहा, "मैंने सिर्फ अपने सिल्लोड निर्वाचन क्षेत्र के बारे में बात की है। हमारे बीच कोई उथल-पुथल नहीं होनी चाहिए। इसलिए ग्राम पंचायत, जिला परिषद और नगर पालिका जैसे स्थानीय निकाय चुनावों में (भाजपा के साथ) दोस्ताना मुकाबला होना चाहिए।’’

सत्तार ने कहा, "मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया है। अंतिम फैसला वही करेंगे।’’