वर्धा (महाराष्ट्र): कांग्रेस सांसद शशि थरूर, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने रविवार को महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर वर्धा के सेवाग्राम आश्रम में उन्हें श्रद्धांजलि दी।

थरूर ने वर्धा में महात्मा गांधी द्वारा स्थापित आश्रम में 'बापू कुटी' में अंबर चरखा भी चलाया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने कांग्रेस को स्वतंत्रता संग्राम के लिए एक दिशा दिखाई थी।

थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत शनिवार को दीक्षाभूमि स्मारक पर जाकर की, जहां डॉ भीम राव आंबेडकर ने 14 अक्टूबर 1956 को अपने अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपना लिया था।

देश में दो प्रमुख विचारधाराओं से जुड़े केंद्रों के दौरे के बारे में पूछे जाने पर थरूर ने रविवार को कहा कि दोनों विचारधाराएं कांग्रेस में हैं।

उन्होंने कहा, "राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कांग्रेस के स्वतंत्रता संग्राम को रास्ता और दिशा दिखाई, जिसके कारण हमें आजादी मिली।"

थरूर ने कहा कि डॉ बाबासाहेब आंबेडकर कांग्रेस से नहीं थे, लेकिन पार्टी ने उनका पूरा समर्थन किया और उन्हें संविधान सभा की प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाया।

कांग्रेस नेता ने कहा, "आंबेडकर के कार्य और उनका दृष्टिकोण आज हकीकत बन गया है।"

थरूर ने आगे कहा कि आंबेडकर ने दलितों के उत्थान और लोगों के अधिकारों के मुद्दे पर मदद की।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उन दोनों को श्रद्धांजलि देना मेरी जिम्मेदारी है।"

थरूर ने शनिवार को नागपुर दौरे के दौरान अपनी नव-प्रकाशित पुस्तक ‘‘आंबेडकर: ए लाइफ’’ की पहली प्रति का विमोचन किया।

इसके अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने सेवाग्राम आश्रम गए।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट नामक एक सामाजिक संगठन संविधान के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए 26 नवंबर तक सेवाग्राम से वर्धा जिले के विभिन्न स्थानों तक पदयात्रा का आयोजन करेगा।