मप्रः मुख्यमंत्री आज नीमच को देंगे 752 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

CM gift development works worth Rs 752 crore Neemuch

- नीमच में रोड शो भी करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव








भोपाल, 23 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (शुक्रवार को) नीमच जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे यहां दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम जिले को 752.09 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच में रोड शो भी करेंगे।







जनसम्पर्क अधिकारी जगदीश मालवीय ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे नीचम में आयोजित जन आभार यात्रा एवं विशाल रोड शो में शामिल होंगे। इसके बाद वे दशहरा मैदान पर आयोजित विशाल जन आभार कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 752.09 करोड़ की लागत के विभिन्न 20 विकास एवं निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 593.48 करोड के चार विकास एवं निर्माण कार्यो का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 158.61 करोड लागत के विभिन्न 16 कार्यो का लोकार्पण किया जाएगा। इस मौके पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा लाभ पत्र भी वितरित किये जाएंगे।







मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल दशहरा मैदान नीमच पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास गतिविधियों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित वृहद प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।







नीमच में 558 करोड़ की कपडा एवं परिधान निर्माण की दो इकाइयों का भूमिपूजन



मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच में आयोजित कार्यक्रम में औद्योगिक क्षेत्र झांझरवाडा में 558 करोड़ रुपये लागत से स्थापित हो रही दो कपड़ा एवं परिधान निर्माण इकाइयों का भूमिपूजन कर शिलान्यास करेंगे। इनमें 135 करोड़ की लागत से स्थापित हो रही विश्वेश्वरैया डेनिम प्रा.लि.की कपडा एवं परिधान निर्माण औद्योगिक इकाई एवं 450 करोड़ लागत की मेसर्स स्वराज सूटिंग्स प्रा.लि.की कपडा एवं परिधान निर्माण इकाई शामिल है। इन दोनों कपडा एवं परिधान निर्माण ईकाईयों में 2500 लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री पांच करोड 98 लाख लागत के लालपुरा तालाब योजना एवं 2.5 करोड की लागत से कायाकल्प 2.0 के अतंर्गत नगरपालिका द्वारा स्वीकृत सडक निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी करेंगे।







हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद