मप्रः देवास की कलापिनी कोमकली को मिलेगा संगीत नाटक अकादमी का राष्ट्रपति पुरस्कार

Kalapini Komkali Devas Will Receive President's Award


भोपाल, 28 फरवरी (हि.स.)। देवास की सुविख्यात शास्त्रीय गायिका कलापिनी कोमकली को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें वर्ष 2023 के प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी के राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा। भारत में शास्त्रीय संगीत, नाटक और नृत्य के क्षेत्र में दिया जाने वाला सर्वोच्च पुरस्कार है।



भाजपा के राष्ट्रीय सचिव विजया रहाटकर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उक्त जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस साल के संगीत नाटक अकादमी पुरस्कारों की घोषणा की गई है, इसमें महाराष्ट्र की 12 मशहूर हस्तियों के नाम शामिल हैं। इनमें अनुभवी अभिनेता अशोक सराफ और प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका कलापिनी कोमकली भी शामिल हैं। इस पुरस्कार के लिए आप सभी को बधाई। आप सभी ने मराठी कला और संस्कृति को विश्व मंच पर प्रसिद्ध बनाने में बहुमूल्य योगदान दिया है।





गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के देवास में जन्मीं कलापिनी कोमकली देश के विख्यात संगीत मनीषी पं. कुमार गंधर्व की पुत्री हैं। उनकी माता वसुंधरा कोमकली भी विख्यात शास्त्रीय गायिका थीं। यह पुरस्कार उनके पिता पं. कुमार गंधर्व व माता वसुंधरा को भी मिल चुका है। इस लिहाज से कलापिनी कोमकली इसे अहम मानतीं हैं और कहती हैं कि यह पुरस्कार बाबा और आई के आशीर्वाद से मिला है।







दरअसल, कलापिनी कोमकली कुमार साहब व वसुंधरा कोमकली की उस संगीत परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं, जिसने देश-विदेश में खास मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपने माता-पिता से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा प्राप्त की और अपनी विशिष्ट गायन शैली से अलग पहचान बनाई। कलापिनी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत के विभिन्न प्रकारों जैसे कि ख्याल, ठुमरी, दादरा, भजन आदि में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वे देश-विदेश में कई प्रतिष्ठित संगीत समारोहों में प्रस्तुति दे चुकी हैं और उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।









हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/वीरेन्द्र