जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन दिनों से जारी बर्फबारी और बारिश के बाद अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट

temperature of jammu 


जम्मू 21 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन दिनों से जारी बर्फबारी और बारिश के बाद अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसी बीच गुलमर्ग में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।



मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में 24 घंटे में सुबह तक 5.5 सेमी बर्फबारी हुई। इसी तरह काजीगुंड में 34 सेमी, पहलगाम में 50 सेमी, कुपवाड़ा में 5 सेमी, कोकेरनाग में 59 सेमी और गुलमर्ग में 40 सेमी बर्फबारी हुई। गुलमर्ग पिछली रात के तापमान शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर में विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट में तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम था। श्रीनगर में पिछली रात के शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे के मुकाबले शून्य से 0.0 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया।



मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में तापमान पिछली रात के शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे के मुकाबले शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में पिछली रात के 0.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुपवाड़ा शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।



जम्मू में पिछले 24 घंटों के दौरान 5.6 एमएम बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में 71.8 एमएम बारिश हुई और न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, बटोटे में 43.8 एमएम बारिश हुई और न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि भद्रवाह में 27.4 एममए बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



मौसम विज्ञानियों ने आज से जम्मू-कश्मीर में मौसम में सुधार का अनुमान लगाया है। उन्होंने कहा 27 फरवरी तक कोई महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि की उम्मीद नहीं है।



हिन्दुस्थान समाचार/मोनिका/बलवान