हिसार : यौन शोषण मामले में सजा काट रहे जलेबी बाबा की मौत

Death of Jalebi Baba who was serving his sentence


एक सौ से अधिक महिलाओं से यौन शोषण व ब्लैकमेल करने का आरोप

हिसार, 9 मई (हि.स.)। राजगढ़ रोड स्थित केन्द्रीय कारागार-2 में सजा काट रहे जलेबी बाबा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह महिलाओं की अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने व एक सौ से अधिक महिलाओं से रेप के मामलों में 14 साल की सजा काट रहा था।

जानकारी के अनुसार हिसार में केंद्रीय कारागार-2 में सजा काट रहे बिल्लू राम उर्फ जलेबी बाबा की बुधवार देर रात तबीयत बिगड़ गई। पुलिसकर्मी उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आए, जहां से उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह दुष्कर्म व आईटी एक्ट के मामले में 14 साल की सजा काट रहा था, जलेबी बाबा के नाम से मशहूर कैदी का सही नाम बिल्लू राम उर्फ अमरपुरी था।

फतेहाबाद के टोहाना निवासी बिल्लू राम उर्फ जलेबी बाबा के कई महिलाओं से संबंध बनाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। टोहाना के लोगों ने तब बाबा के खिलाफ प्रदर्शन किया था। मामला चर्चित होने पर टोहाना शहर थाना पुलिस ने 19 जुलाई 2018 को जलेबी बाबा के खिलाफ दुष्कर्म और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। बाद में पुलिस ने बिल्लू बाबा को गिरफ्तार कर लिया था और उसकी निशानदेही पर उसके घर से 100 से ज्यादा वीडियो बरामद किए थे। इनमें वह अलग-अलग महिलाओं से संबंध बनाता दिखा था। फतेहाबाद की कोर्ट ने दुष्कर्म करने व वीडियो बनाने के एक मामले में उसे 14 साल की कैद और 35 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसी मामले में वह हिसार की केन्द्रीय कारागार-2 में सजा काट रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन/सुनील