फतेहाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका का वर्क वीजा लगवाने के नाम पर टोहाना का एक युवक एजेंटों के झांसे में आकर ईरान में फंस गया। युवक के परिजनों का आरोप है कि ईरान में उनके लड़के की कुछ लोगों ने बुरी तरह पिटाई की और उससे उसका पासपोर्ट, कागजात, डालर व अन्य सामान भी छीन लिया। इस मामले में टोहाना पुलिस ने दोनों एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस प्रवक्ता ने शुकवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।र जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में दमकौरा रोड, टोहाना निवासी ईश्वर सिंह ने कहा है कि उसके बेटे अमित कुमार की 7-8 महीने पहले मुलाकात मोहित निवासी गांव सीसर हाल नरवाना व अशोक निवासी किठाना, जिला कैथल के साथ हुई थी। दोनों विदेश भेजने के लिए एजेंट का काम करते हैं। अमित ने इन दोनों से अमेरिका के वर्क वीजा के लिए सम्पर्क किया, तो मोहित व अशोक ने कहा कि वर्क वीजा के लिए 45 लाख रुपये लगेंगे और यह राशि अमेरिका पहुंचाने के बाद दे देना।

इनके झांसे में आकर अमित 5-6 महीने पहले चण्डीगढ़ एयरपोर्ट से अमेरिका चला गया। इसके बाद उसकी अपने बेटे से व्हाट्सअप पर बात होती रही। वह कभी वियतनाम तो कभी दूसरे देश का नाम लेता रहा। ईश्वर सिंह ने कहा कि अमित को एजेंट अशोक ने एक महीने से ईरान में रखा हुआ था। 8 अप्रैल को उसके व्हाटस्अप पर कॉल आई जिसमें वह जोर-जोर से रो रहा था और कहा कि उसे व उसके 6 अन्य दोस्तों को ईरान में बंधक बनाकर पिटाई की जा रही है और ये लोग उससे 25 लाख रुपये मांग रहे हैं। इस पर उसने उक्त लोगों को पैसे का इंतजाम करने की बात कही।

इसके बाद अमित का फोन आया और उसने कहा कि वह इंडिया एम्बैसी ईरान के पास है और उक्त लोगों ने उसका पासपोर्ट, अन्य कागजात, डालर व कपड़े छीन लिए हैं। इस पर ईश्वर सिंह ने इस बारे में दोनों एजेंटों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में टोहाना पुलिस ने दोनों एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/सुमन/संजीव