सूरत, 29 फरवरी (हि.स.)। सूरत के भेस्तान क्षेत्र के एक किशोर को महाराष्ट्र के औरंगाबाद स्थित मदरसा में घड़ी चोरी के आरोप में तालिबानी सजा दी गई। एक के बाद एक 5 अन्य विद्यार्थियों ने किशोर की पीठ पर मुक्के मारे। इतना ही नहीं, किशोर के सिर पर थूका भी गया। आरोप है कि यह सब मदरसा के मौलवी के कहने पर किया गया।



सूरत के किशोर के परिजनों ने बेटे को आलिम बनाने के लिए महाराष्ट्र के औरंगाबाद के खुलदाबाद स्थित मदरसा में भेजा था। मदरसा में किशोर की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद किशोर के पिता ने स्थानीय थाने में शिकायत की है। पिता ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने उनकी शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। पिता ने कहा कि अन्य किसी बालक के साथ ऐसा बर्ताव नहीं हो, इस वजह से उन्होंने कार्रवाई की है।



यह है मामला

किशोर की पिटाई करते वीडियो वायरल हुआ है। इसमें दिख रहा है कि किशोर को अर्धनग्न कर जमीन पर घुटने के बल पर बिठाया गया। एक के बाद एक 5 नाबालिग किशोर की पीठ पर मुक्का मारते दिखाई देते हैं। यहां तक कि किशोर के सिर पर थूका भी गया। पिटाई से किशोर बिलखता दिखाई दे रहा है। वह जोर-जोर से रो रहा है, लेकिन आसपास खड़े लोग सिर्फ तमाशा देख रहे हैं। कोई उसे बचाने नहीं आ रहा है।

किशोर के चाचा ने बताया कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद से 25 किलोमीटर की दूरी पर खुलदाबाद है। यहां के एक मदरसा में उसका 16 वर्षीय भतीजा आलिम बनने गया था। पिछले रविवार को उसकी मोबाइल पर एक वीडियो आया, जिसे देखकर उसे आघात लगा। इस वीडियो में उसके भतीजे को तालिबानी सजा दी गई है। उसके सिर पर थूका गया है। एक के बाद एक कर 10 लोगों ने मुक्के मारे। इसे देखने के बाद सबसे पहले हमलोगों ने स्थानीय पुलिस थाने में फोन किया। पुलिस ने कहा कि वीडियो लेकर उनके पास आ जाए, फिर हम मदरसा जाकर आपके बेटे को ले आएंगे। इसके बाद मदरसा में भी फोन किया, यहां से कहा गया कि वे शिक्षक की भूल को स्वीकार करते हैं। इसके बाद हमलोग ने खुलदाबाद मदरसा जाकर ट्रस्टियों से मुलाकात की। यहां ट्रस्टियों ने बताया कि मौलाना ने चोरी की शंका में पिटाई की थी, उसे हटाने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/संजीव