अहमदाबाद, 26 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार सुबह कई जिलों में बारिश से मौसम में ठंड आ गई। लोगों को गर्मी से राहत मिली तो किसानों की चिंता बढ़ गई। फसलों पर बेमौसमी बारिश से नुकसान की आशंका से किसान चिंतित हो गए।

दक्षिण गुजरात के वलसाड में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश हुई। आसमान में बादल छा गए, बाद में बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे पिछले कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री के आसपास होने स भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली है। गर्मी झेल रहे लोगों को आसमान में बादल छाने के बाद बारिश होने से राहत मिली है। दूसरी और किसानों की चिंता बढ़ गई। बेमौमसी बारिश से खेतों में फसल को नुकसान होने की आशंका है।

वहीं, दक्षिण गुजरात के ही सूरत जिले से भी सुबह बारिश होने की जानकारी मिली है। जिले के उमरपाड़ा और ओलपाड़ में बारिश के तेज झोंकों ने जमीन से सोंधी खुशबू बिखेर दी। वातावरण में ठंडक होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसके अलावा मध्य गुजरात के दाहोद में कुछ जगहों पर हल्की तो कुछ जगहों पर तेज बारिश की होने की जानकारी मिली है। दाहोद में कुछ जगहों पर बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश हुई है।

तापी जिले में भी तेज बारिश होने का समाचार मिला है। इस जिले के कुकुरमुंडा, निझर, उच्छल, सोनगढ़, व्यारा, वालोड और डालवण में भी तेज बारिश हुई। खेतों में सब्जियों की खेती को नुकसान होने की आशंका है। सौराष्ट्र के भावनगर में भी बारिश हुई है। इसमें चित्रा यार्ड, आखलोल जकातनाका क्षेत्र, मस्तराम मंदिर, नारी चौकड़ी समेत अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/सुनील