मोरबी: निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरा, मलबे में दबे सभी 4 श्रमिक बचाए गए

Slab of hospital under construction fell, 4 workers buried


मोरबी, 9 मार्च (हि.स.)। मोरबी के शनाला गांव के समीप निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का स्लैब गिरने से 4 श्रमिक दब गए। घटना शुक्रवार रात की है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 3 श्रमिकों को तत्काल निकाल लिया गया, जबकि एक श्रमिक को काफी जद्दोजहद के बाद बाहर निकाला गया। श्रमिकों को समीप के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मोरबी के शनाला गांव में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की इमारत का एक भाग धराशायी हो गया। रात में बिल्डिंग की पहली मंजिल में फिलिंग के दौरान घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के अधिकारी, पुलिस अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। रेस्क्यू प्रक्रिया में तुरंत ही 3 श्रमिकों को बाहर निकाला गया। एक श्रमिक का पूरा शरीर स्लेब में फंसा था।

मोरबी फायर ऑफिसर देवेन्द्र सिंह जाडेजा ने बताया कि तीन लोगों बाहर निकाल लिया गया। एक अन्य व्यक्ति का सिर्फ चेहरा दिख रहा था, श्रमिक का बाकी का पूरा शरीर स्लैब में फंसा हुआ था। उसे भी सुबह 3 बजे बाहर निकाल कर हॉस्पिटल ले जाया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक दुर्लभ देथरिया भी पहुंच गए। घायलों में कमलेश कलाल वाकला, संजय नागभाई, अरुण कुमार पासवान और सुनील साहु शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव