अहमदाबाद, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार को वडोदरा पहुंचे। दोनों नेताओं ने गुजरात में चुनाव अभियान की विधिवत शुरुआत कराई। इससे पहले वडोदरा हवाईअड्डे पर दोनों नेताओं का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।



केजरीवाल ने वडोदरा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दो वर्ष पहले जब वे गुजरात आए तो लोगों ने कहा था कि यहां तीसरी पार्टी नहीं चलेगी लेकिन भाजपा के गढ़ में आआपा ने 14 फीसदी वोट प्राप्त कर इसे गलत साबित कर दिया। जनता ने भाजपा को 156 सीट दी, इसके बावजूद भाजपा दूसरी पार्टी से विधायक तोड़कर ला रही है। उन्होंने दावा किया कि एक दिन ऐसा आएगा कि जब लोग भाजपा को हटाकर आआपा की सरकार लाएंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले दो टर्म में गुजरात से भाजपा को लोकसभा की सभी 26 सीट मिल रही है लेकिन आम जनता को क्या मिला? भाजपा के एक भी सांसद पेपर लीक, शराब आदि मुद्दों पर लोकसभा में आवाज नहीं उठाते हैं। केजरीवाल ने कहा कि 26 में से दो सीट आआपा को दें, फिर देखिए कि लोकसभा में आवाज उठती है या नहीं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि वे वडोदरा जिला भाजपा कार्यालय के उद्धाटन में गए थे। इस दौरान खटंबा गांव के सरपंच ने खड़े होकर कहा कि स्कूल बनाओ। ऐसे में सिर शर्म से झुक जाना चाहिए। इनकी काम करने की नीयत नहीं है। चैतर वसावा हमारा हीरो है, जो दूसरों के लिए जेल में जाता है। वन विभाग लोगों की जमीन छीन रहा था, इसी मामले में चैतर ने आवाज उठाई, जिसके लिए उन्हें जेल में डाल दिया गया।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मामले की चर्चा कर केजरीवाल ने कहा कि उनके साथ गलत हुआ है। उन्होंने पूरी फाइल पढ़ी है, सिर्फ आदिवासी होने के कारण गलत तरीके से उन्हें जेल में डाला गया है। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढवी, भावनगर से आआपा उम्मीदवार उमेश मकवाणा, भरुच से उम्मीदवार चैतर वसावा आदि ने भी लोगों को संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/सुनीत