राहुल गांधी की न्याय यात्रा गुजरात आने से पहले फतेपुरा के कांग्रेस नेता का इस्तीफा

Fatepura Congress leader resigns 


- दाहोद के झालोद से 7 मार्च को गुजरात में प्रवेश करेगी यात्रा

- भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आम आदमी पार्टी भी शामिल होगी



अहमदाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी छोड़ने वालों की कतार लंबी होती जा रही है। 7 मार्च को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दाहोद जिले के झालोद से गुजरात में प्रवेश करेगी जो 10 मार्च तक रहेगी। इस यात्रा से पूर्व ही दाहोद जिले की फतेपुरा तहसील कांग्रेस के प्रमुख मिनेष तावडिया ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी पर अपनी अवहेलना का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस प्रमुख को इस्तीफा भेजा है।



लोकसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने सबसे पहले 26 में से 15 उम्मीदवारों की घोषणा करने के साथ सभी 26 लोकसभा सीटों पर मध्यस्थ चुनाव कार्यालय भी खोल दिए हैं। दूसरी तरफ, कांग्रेस के एक के बाद एक दिग्गज नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आम आदमी पार्टी भी गुजरात में शामिल होगी। आम आदमी पार्टी (आआपा) और कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन के तहत अगला लोकसभा चुनाव लड़ने जा रही है, जिसमें आआपा दो सीट भरुच और भावनगर पर लड़ेगी। कांग्रेस बाकी की 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी।

फिलहाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही है और यह यात्रा 7 मार्च को गुजरात पहुंचेगी। इस यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से पूरी आम आदमी पार्टी को आमंत्रित किया गया था। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदानभाई गढ़वी ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार कर लिया है। 7 मार्च को आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान भाई गढ़वी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नेता और जिला तहसील पदाधिकारी और कार्यकर्ता राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा में शामिल होंगे।

आआपा के प्रदेश अध्यक्ष इसुदानभाई गढ़वी और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल के बीच टेलीफोनिक चर्चा भी हुई है। कुछ दिनों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित करेगी। कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुजरात में जहां-जहां से गुजरेगी, आआपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उस जगह पर यात्रा में शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/सुनीत