सूरत, 24 फरवरी (हि.स.)। गुजरात में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आआपा) के गठबंधन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने तंज कसा है। पाटिल ने दोनों पार्टियों के गठबंधन को अंधे और लंगड़े की जोड़ी करार देते हुए कहा कि दोनों के बीच आपस में विश्वासघात के बाद टूट निश्चित है।

नई दिल्ली में कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक के प्रेस कांफ्रेंस में गुजरात में कांग्रेस और आआपा के बीच सीटों पर समझौते की घोषणा की गई है। इसके तहत कांग्रेस 24 सीट और आआपा भावनगर और भरूच सीट पर चुनाव लड़ेगी।

शनिवार को सूरत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने इस गठबंधन को बेवजह करार दिया। पाटिल ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भरूच लोकसभा सीट अंतर्गत 7 सीटों में से 4 सीटों पर आआपा ने डिपोजिट गुमा दी थी। इन सातों सीट में आआपा को 13 फीसदी, कांग्रेस को 25-26 फीसदी और भाजपा को 51 फीसदी वोट मिले थे।

पाटिल ने कहा कि कांग्रेस की जीत की कोई संभावना नहीं है। गुजरात की जनता को भ्रमित करने की विपक्षी दलों की कोशिश नाकाम हो चुकी है। चुनाव के समय ये लोग बरसाती मेढ़क की तरह बाहर आ जाते हैं। चुनाव के बाद स्वत: गायब हो जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 370 और एनडीए में 400 से अधिक सीट जीतने का संकल्प है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव