नफे सिंह हत्याकांड : गोवा से दो शूटर गिरफ्तार

Raid to catch two more shooters


- पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में गोवा से सौरव व आशीष को पकड़ा

- दो अन्य शूटरों को पकड़ने के लिए पुलिस कर रही है छापेमारी



झज्जर, 4 मार्च (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी हत्याकांड में झज्जर पुलिस, दिल्ली की स्पेशल सेल पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड को अंजाम देने के आरोप में दो को गोवा से गिरफ्तार किया गया है। दोनाें कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इन्हें लेकर गोवा से लौट रही है। इनसे पूछताछ के बाद राठी हत्याकांड से जुड़े कई खुलासे हो सकते हैं। पुलिस दो अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

इसकी पुष्टि सोमवार को झज्जर जिले के उच्चाधिकारियों ने की है। उन्होंने बताया कि नफे सिंह राठी हत्याकांड में झज्जर पुलिस, दिल्ली की स्पेशल सेल पुलिस और एसटीएफ ने गोवा से सौरव और आशीष को गिरफ्तार किया है। दोनों दिल्ली के नांगलोई के रहने वाले हैं। सूत्रों ने बताया है कि आरोपी कपिल सांगवान गैंग से जुड़े हो सकते है। पुलिस दोनों आरोपितों को गोवा से लेकर लौट रही है। आरोपितों से पूछताछ के बाद नफे सिंह राठी हत्याकांड से जुड़े कई खुलासे हो सकते हैं। आरोपितों ने क्यों और किसके कहने पर नफे सिंह की हत्या की थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अन्य दो शूटरों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि दो और आरोपितों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

झज्जर के एसपी डॉ. अर्पित जैन का दावा है कि नफे सिंह राठी हत्याकांड की गुत्थी जल्द ही सुलझ जाएगी। पुलिस मामले के बहुत करीब पहुंच चुकी है। आरोपितों की गिरफ्तारी के बारे एसपी डॉ. जैन प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी दे सकते हैं।





हिन्दुस्थान समाचार/शील