साप्ताहिक राशिफल, पं. अशोक दीक्षित

दिनांक - 06 से  12 फरवरी, 2022

यह राशिफल जन्मकालीन चंद्र राशि पर आधारित है। जिनकी जन्मकालीन राशि ज्ञात नहीं है वे नाम राशि के आधार पर पढ़ सकते हैं।

मेष- इस सप्ताह कार्यक्रमों की सूचि लम्बी रहेगी। कुछ व्यक्तिगत तो कुछ बाहरी व्यस्थता रहेगी। खर्चा अभी रुकेगा नहीं परंतु नए लाभ के लिए सम्भावनाएं बनेंगी और कुछ संतोष अनुभव करेंगे। बहुत अधिक लोगों से मिलना-झुलना चाहेंगे और न केवल व्यापार को बढ़ाने की कोशिश करेंगे, अपितु स्वयं के मानसिक तनाव को भी कम करने की सोचेंगे। राशि स्वामी मंगल शुक्र के साथ युति में हैं, अपने सम्पर्कों का लाभ लेने का उपयुक्त समय है। शनिदेव अब अस्त हैं और दैनिक व्यापार की गति अब प्रभावित होगी। प्रतिस्पर्द्धा भी व्यापार में रहेगी। धन की प्राप्ति को लेकर असामन्जस्य देखने को मिलेगा। पारिवारिक जीवन की कुछ बातें क्रोध को बढ़ावा दे सकती है, आपको नियंत्रित रहना होगा। सरकारी आपत्ति की बिल्कुल अनदेखी न करें। साझेदारी में काम करने वाले कुछ अधिक व्यस्त रहेंगे और कुछ नया सोचेंगे। महिलाओं को अपने हितों के लिए दृढ़ता दिखानी होगी। नौकरीपेशा हैं तो चुनौती का सामना करेंगे।

वृषभ- यह सप्ताह अपनी बौद्धिक योग्यता और समझदारी और परिस्थितियों पर नियंत्रण रखने का है। जिन पर भरोसा करके चल रहे थे, वे अभी आसानी से आपका फोन भी नहीं उठाएंगे। दैनिक आमदनी कुछ बढ़ेगी परंतु आपकी अपेक्षा से काफी कम होगी। स्वास्थ्य के मामले में बेहद सावधान रहना होगा, कहीं कोई जांच करवानी पड़ेगी और कोई कठिन प्रस्ताव मिल सकता है। व्यावसायिक मामलों में नीति और कार्य-प्रणाली के संदर्भ में वरीष्ठजनों से कुछ मतभेद हो सकते हैं। अचानक से कोई यात्रा का अवसर आ सकता है, जिसे आप अभी बिल्कुल पसंद नहीं करेंगे। कहीं किसी वस्तु को दाव पर लगाकर अपना काम निकालने की चेष्टा करेंगे। आप कोशिश करें कि जितनी चतुराई से धन और श्रम को बचाकर यह समय धैर्यपूर्वक निकालंगे उतना अच्छा होगा। महिलाओं को कुछ आत्मग्लानि अनुभव होगी। नौकरीपेशा वर्ग अव्यवस्था और असुविधा महसूस करेंगे।

मिथुन - यह सप्ताह कार्य-व्यवसाय और व्यक्तिगत स्वभाव दोनों ही तरह से हो रहे परिवर्तनों का स्वागत करने का है। किसी भी तरह की भावुकता और भावनात्मक संबंधों से ऊपर उठकर सोचना होगा। इस समय किसी से दिल न लगाएं। अब धोखा न हो ऐसी नीति से काम करें, नए कार्यावसर प्राप्त होंगे। किए गए कार्यों का कुछ मलाल रहेगा परंतु कुछ संतोष भी होगा कि व्यावसायिक नीति में लिया गया निर्णय सही रहा। स्वभाव की गोपनीयता रखकर परिचित वर्गों पर प्रभावी रहना होगा। धन प्राप्ति होगी, लेकिन कुछ हिस्सा अटका रह सकता है, लेकिन आपका  तात्कालिक काम निकल जाएगा। धन को प्रयोग लेने में या भुगतान करने में सतर्कता और पारदर्शिता रखनी होगी। यह उदारता दिखाने या इनाम देने का समय नहीं। स्वास्थ्य के लिए कुछ विशेष करेंगे। इस समय व्यावसायिक हर निर्णय दूरदर्शिता और अपने हित की प्राथमिकता से लेने होंगे। दाम्पत्य सुख में वृद्धि होगी। नौकरी में व्यस्तता रहेगी।

कर्क- यह सप्ताह जीवन संघर्ष को नयी दिशा देने वाला और विवेकपूर्वक अपने सामर्थ्य का सटीक आकलन करते हुए  चुनौति का सामना करने का है। इस समय आपको पुरानी गलतियों और परिस्थितियों से ऊपर उठकर तात्कालिक व्यावसायिक सम्भावनाओं के प्रति सजगता रखनी होगी। असहयोग कुछ देखने को मिलेगा। व्यावसायिक व्यवस्था के लिए कोई अल्पकालिक कर्ज लेने की सोच सकते हैं। साझेदारी के व्यापार में हिसाब को अटकाएं न रखें। आयात-निर्यात के काम में गति बढ़ेगी। जमीन-जायदाद का व्यापार बढ़ेगा, स्वास्थ्य में सुधार होगा, यदि आलस्य और प्रमाद एवं दीर्घ सूत्रता को नियंत्रित नहीं किए तो भारी पछतावा होगा। कार्यप्रणाली और अपने समूह की क्रियाविधियों का निरीक्षण करना होगा। महिलाओं को मान-सम्मान और यश की भूख बढ़ेगी। नौकरी करते हैं तो परस्पर प्रतिस्पर्द्धा अधिक रहेगी। किसी से कहासुनी भी हो सकती है।

सिंह- इस सप्ताह कोई भी काम बाधा रहित नहीं होगा। कार्य-व्यवसाय में गति बढ़ेगी परंतु तर्क-वितर्क भी अधिक रहेंगे। राशि स्वामी सूर्य आपके लिए कुछ कमजोर हैं, अनावश्यक साहस और योग्यता का प्रदर्शन उचित नहीं, इससे आपकी समस्याएँ और बढ़ेंगी। वर्तमान में लोगों के व्यवहार से आपको सीख लेनी होगी कि कैसे अपना काम निकाला जाता है। किसी ऐसे व्यक्ति का प्रस्ताव व्यापारिक रूप से आएका जिसके साथ आपका अनुभव पहला होगा। भावी योजनाओं के संबंध में आपको अभी से तैयारी रखनी चाहिये। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। समय पर दवा लेंवे। यात्रा लाभकारी रहेगी। संतान की प्रसन्नता के लिए कुछ विशेष करेंगे। बुजुर्गों को सुख देंगे। व्यावसायिक तंत्र को और मजबूत करेंगे। कर्ज प्राप्ति में आ रही बाधा का समाधान होगा। किसी व्यावसायिक सौदे में बहुत मशक्कत करनी पढ़ेगी, तभी पर्याप्त लाभ होगा। दैनिक आमदनी बढ़ेगी। महिलाओं को कुछ उलाहना मिलेगा। नौकरी पैशा वर्ग की चतुराई से रक्षा होगी।

कन्या - यह सप्ताह कुछ कठिन और चुनौतीपूर्ण है। एक तरफ व्यक्तिगत कुछ समस्याएँ बढ़ेंगी, वहीं दूसरी तरफ व्यावसायिक सामंजस्य बढ़ेगा। पारिवारिक जीवन में कुछ खर्चों को लेकर एवं कुछ रिश्तों को लेकर तर्क-वितर्क अधिक रहेंगे। ऐसा लगेगा सबको अपनी परवाह है, पर आपकी किसी को नहीं। स्वास्थ्य में कुछ नर्मी रहेगी। संतान को लेकर थोड़ी चिंता रह सकती है। व्यावसायिक मामलों में ज्यादा ध्यान देवें। आपकी समस्याओं का निदान व्यावसायिक उन्नति और सुव्यवस्था में निहित है। कर्ज के लेन-देन में कुछ बाधाएं आएंगी। अभी किसी भी प्रकार के वाद-विवाद को बढ़ावा न दें। किसी समस्या के निराकरण में शीघ्रता न करें। भावुकता भरा विश्वास का अतिरेक आपके लिए ठीक नहीं, क्योंकि अभी आप इसके लिए पूर्ण तैयार नहीं। महिलाएं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, उदर विकार बढ़ेंगे। नौकरी करते हैं तो चुगली करने वालों से सावधान रहें।

तुला- यह सप्ताह कुछ जटिलतापूर्ण है। कार्य बाधाओं के साथ पूर्ण होंगे और एक से अधिक प्रयास करने होंगे। इस सप्ताह राशि पर अस्त शनि का पूर्ण प्रभाव है और चंद्रमा शकट योग में लग्न के प्रति रहेंगे। कुछ दबे और रुके हुए विपरीत घटनाक्रमों के उत्पन्न होने से असुविधा सी रहेगी। हिम्मत रखनी होगी और चतुराई व वाक्-चातुर्य को पूर्ण प्रयासों में लेना होगा। कर्ज के मामले में कुछ असुविधा देखने को मिलेंगी। साझेदारी का व्यापार है तो कुछ नयापन लाने की कोशिश करेंगे और किसी नई दिशा में सोचेंगे। कुछ व्यावसायिक अनुबंधों को लेकर घबराहट सी रहेगी परंतु आपको धैर्य रखना होगा। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, कोई लापरवाही न करें। शिक्षा क्षेत्र के लोगों को कुछ नीति-परिवर्तन पर सोचना होगा, जमीन-जायदाद का काम करते हैं तो सौदे आसानी से नहीं होंगे, कुछ योजना काम में लेनी होगी। मित्रों से कुछ मतभेद रह सकते हैं। परिवार में किसी विषय पर लम्बा तर्क-वितर्क हो सकता है। महिलाओं को चिंता रहेगी कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही। नौकरीपेशा वर्ग अधिकारियों से ताल-मेल बनाने में कठिनता अनुभव करेंगे।

वृश्चिक- इस सप्ताह अनायास कुछ लोगों को विरोध करता हुआ देखेंगे। आपका ध्यान अपनी और व्यवसाय की उन्नति पर रहेगा। बोलने में सावधानी रखें, आपकी बात का गलत अर्थ भी लिया जा सकता है। समान स्तर के लोगों से असामंजस्य सा बना रहेगा। किसी कर्ज के रूपांतरण या नूतन कर्ज लेने के विषय में विचार कर सकते हैं। व्यावसायिक विस्तार की अपेक्षा सुधार की योजना अधिक उपयुक्त रहेगी। जीवनसाथी के संशय का निवारण आसान नहीं होगा, उनको सुनने और समझने की चेष्टा करें। जो लोग सहयोग करने में तत्पर थे, वे अब अपनी व्यस्तता बताएंगे। बुध अब मार्गी हैं और शनिदेव की तरफ बढ़ रहे हैं। पारिवारिक मामलों को नजरंदाज न करें, ये बड़ा रूप ले सकते हैं। यात्रा से परहेज रखें, कोई नुकसान सम्भावित है। महिलाओं के लिए समय खर्चीला है। नौकरीपेशा वर्ग मनमर्जी न करें, नियम और अनुशासन की अवहेलना भारी पड़ सकती है।

धनु- यह सप्ताह  बहुत कोशिश करने के बाद भी पारिवारिक घटनाक्रम नियंत्रण से बाहर रहेगा। परिजनों की मनमर्जी व्यावसायिक मामलों में बाधक बन सकती है, फिर भी बहुत कुछ आप पर निर्भर करेगा कि भावावेश और क्रोध पर कितना नियंत्रण रख सकेंगे। दूसरी तरफ आपकी कुछ खर्चीली आदतें इन दिनों अखरने लगेंगी। यह जीवन से व्यक्तिगत रूप से अनुभव लेने का समय है। अधिक लाभ के लिए तकनीकी उपयोग को बढ़ाना होगा। कुछ नया सीखना होगा। अपनी प्रतिष्ठा के लिए कहीं सामर्थ्य से बाहर निर्णय लेंगे। दैनिक व्यापार में प्रतिस्पर्द्धा में न उलझें अपनी साख और मूल्य बनाए रखें। व्यवसाय के नये अवसरों को दूरदर्शिता के साथ स्वीकार करें। परस्पर सहयोग ले-देकर जितना काम निकालेंगे, उतना बेहतर होगा। परिवार में किसी के स्वास्थ्य पर असर आ सकता है। खर्चा भी कुछ अधिक होगा। जमीन-जायदाद का कोई काम चिंताकारक हो सकता है। महिलाओं के लिए समय अनुकूल हैं, अपनी इच्छा और राय स्पष्टता से दे सकेंगी। नौकरीपैशा वर्ग कार्यभार का दबाव सा महसूस करेंगे।

मकर- यह सप्ताह दौड़-भाग और परिश्रम की अधिकता वाला होगा। आर्थिक लेन-देन को लेकर कुछ तीखी वार्ता हो सकती है। किसी हिसाब की गडबड़ी से किसी व्यक्ति के प्रति खटास आ सकती है। मित्रों से मेल-जोल बढ़ेगा, परिजनों पर खर्चा करेंगे। अपनी उन्नति के लिए कुछ नया सीखेंगे और किसी विशेषज्ञ की सलाह लेंगे। व्यवसाय खर्चा माँग रहा है और आपको इसका प्रबंध करना पड़ेगा। संतान के संबंध में कोई समस्या का समाधान करने हेतु अपने विशेष संपर्कों को काम लेना होगा। राशि स्वामी अस्त हैं इसलिए किसी भी तरह के विरोध या जिद्द करने का उचित समय नहीं। अभी आपका सत्य भी लोगों को बनावटी नजर आएगा। विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या में परिवर्तन करना होगा। महिलाएँ कुछ उपेक्षित सी अनुभव करेंगी। नौकरी करते हैं तो एकाग्रता की कमी रहेगी और महत्वपूर्ण कार्य अटक सकते हैं।

कुंभ- यह सप्ताह उत्साह वर्धक है। व्यापार में गति बढ़ेगी। लाभ के प्रतिशत में वृद्धि, योजनाओं के अनुकूल परिणाम आएंगे। सरकारी कामों में कुछ विघ्न उत्पन्न होंगे, जिनका समाधान किसी के माध्यम से हो सकेगा। संपर्क सूत्र बढ़ेंगे। मित्रों से परस्पर सहयोग का लेन-देन करेंगे। पारिवारिक रूप से कोई संशय और संदेह बना रहेगा, जिसके निराकरण में बुद्धि से काम लेना होगा। इन दिनों कल्पनालोक में रहकर या सुनी-सुनाई बातों के आधार पर कोई निर्णय न करें। राशि स्वामी अभी अस्त हैं, इसलिए निवेश के मामलों में सावधान रहें और किसी विश्वसनीय की सलाह से काम करें। राह चलते अथवा लापरवाहीवश कोई सरकारी जुर्माना आ सकता है। विद्यार्थियों के लिए उत्तम समय चल रहा है, उन्हें नई संभावनाओं पर एकाग्रता लानी होगी। दैनिक व्यापार में लाभ बढ़ेगा, रूका हुआ पैसा आएगा। साझेदारी के व्यापार में किसी असुविधा का या किसी मतभेद की संभावना है। पूर्व निर्धारित योजना पर पुनर्विचार करना होगा। महिलाओं को स्वास्थ्य की परवाह करनी होगी। नौकरी करने वाले वरीष्ठजनों का रूखा व्यवहार देखेंगे परंतु प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

मीन- यह सप्ताह योजनाओं के क्रियान्वयन की दृष्टि से अनुकूल है। कार्य व्यवसाय में रुचि बढ़ेगी और लाभ भी बढ़ेगा। अपने कार्य तंत्र और कार्य प्रणाली को उन्नत और समृद्ध करने का प्रयास करेंगे। कर्ज के मामले में राहत मिलेगी। आयात-निर्यात का व्यापार करते हैं तो भुगतान संबंधी सुरक्षा के साथ आगे बढें¸। स्वास्थ्य में सुधार होगा संगति पर विशेष ध्यान देवें। संगति दोष के कारण कोई अपयश मिल सकता है। विद्यार्थी वर्ग लक्ष्य से भटके नहीं, साथ ही दिनचर्या को बिगड़ने न दें। महिलाओं के लिए समय उत्तम है, उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा और घर-परिवार के साथ कार्यक्षेत्र में पूछ बढ़ेगी। वे कुछ अधिक व्यस्त रहेंगी। सहकर्मियों के साथ कुछ कड़वा वातावरण उत्पन्न हो सकता है। नौकरी पेशा वर्ग जितना श्रेष्ठता और योग्यता के साथ कार्य प्रदर्शन करेंगे, उतना लाभ होगा।