धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी नगर निगम क्षेत्र में मवेशी धरपकड़ अभियान चलाए जाने के बाद भी सड़क से मवेशी नहीं हट पा रहे हैं। सड़कों पर बेसहारा मवेशियों का झुंड नजर आ रहा है, इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दिन ढलते ही सड़क में दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा सड़क की अंदरूनी गलियों में भी बेसहारा मवेशी नजर आ रहे हैं। लोगों ने सड़क से मवेशियों की धरपकड़ की मांग की है।



शहर में जिस तेजी और मुस्तैदी के साथ शहर और गांव की सड़कों से मवेशियों की धरपकड़ दिखाई दे रही थी वह दिखाई नहीं दे रही है, हालांकि नगर निगम दावा करता है कि सप्ताह के सात दिनों में से तीन मवेशी धरपकड़ अभियान चल रहा है। नगर निगम द्वारा सालभर मवेशी धरपकड़ अभियान चलाए जाने के बाद भी शहर से गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के साथ-साथ वार्डों की गलियों में बेसहारा मवेशियों का झुंड आसानी से देखा जा सकता है। इसके चलते प्रतिदिन लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। निगम द्वारा लगातार अभियान चलाए जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। शहर के बंशी पटेल, राज कुमार निर्मलकर, भूपेंद्र सोनवानी का कहना है कि निगम को मवेशी धरपकड़ अभियान को रोकना नहीं चाहिए, बल्कि लगातार अभियान चलाया जाना चाहिए। शासन की मंशानुरूप सड़क पर मवेशी नजर नहीं आने चाहिए, लेकिन शहर में इसके उलट नजारा है। सभी जगह आसानी से मुख्य मार्गों पर विचरण करते बेसहारा मवेशियों को देखा जा सकता है। धमतरी शहर से लगे ग्राम अर्जुनी के कांजी हाउस में धमतरी नगर निगम क्षेत्र के लिए 200 मवेशियों को रखने की व्यवस्था है, लेकिन यहां केवल 60 मवेशी बंद हैं। मालूम हो कि सिहावा चौक, मकई चौक, रत्नाबांधा पुराना बस स्टैंड, अंबेडकर चौक, सोरिद पुल, सोरिद काली मंदिर, श्यामतराई कृषि उपज मंडी के पास मवेशियों का अस्थाई ठौर है। इनसे टकराने से शहर के अंदर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हाल के दौरान हुई कई सड़क दुर्घटना में प्रमुख कारण सड़क के बीच बैठे मवेशियों को माना गया। कुछ दिन के अभियान के बाद कार्रवाई बंद हो जाती है। शहर के जागरूक नागरिकों का कहना है कि धरपकड़ की कार्रवाई लगातार होनी चाहिए। मवेशी को सड़क में छोड़ा जाना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है। मवेशी मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।नगर निगम धमतरी के गोठान प्रभारी दीपक पांडे ने कहा कि शहर में मवेशी धरपकड़ अभियान बंद नहीं हुआ है। यह अभियान सप्ताह के तीन दिन चलाया जा रहा है। अब तक 60 मवेशियों की धरपकड़ की जा चुकी है। सभी मवेशी ग्राम अर्जुनी स्थित कांजी हाउस में बंद हैं। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बेहतर बनाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। शिकायत पर सीधे कार्रवाई की जा रही है।









हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा