जजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव का इस्तीफा

jjp president resign 


चंडीगढ़, 8 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान करने की कवायद में उलझी जननायक जनता पार्टी में बगावत हो गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने सोमवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष का इस्तीफा दिया जाना दुष्यंत चौटाला व अजय चौटाला के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

भाजपा के साथ गठबंधन टूटने के बाद जननायक जनता पार्टी के बिखरने की अटकलें लग रही है। पिछले कुछ दिन से दुष्यंत चौटाला व उनके परिवार के सदस्य प्रदेश में बैठकें कर कार्यकर्ताओं को लामबंद कर रहे हैं। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह खराब सेहत का हवाला देकर इन बैठकों से दूरी बनाए रहे।



सोमवार को निशान सिंह ने जजपा छोडऩे का ऐलान कर दिया। पार्टी के कुछ नेताओं का कहना है कि निशान सिंह वर्ष 2000 में टोहाना से विधायक बने थे। उनका कार्यक्षेत्र भी यही है। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में जजपा ने कांग्रेस से आए देवेंद्र बबली को टिकट दे दिया था, जबकि निशान सिंह यहां से प्रबल दावेदार थे, पार्टी के इस फैसले के कारण निशान सिंह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ पाए थे, यह टीस उनके मन में लगातार बनी हुई थी। इस बीच नारनौल नगर परिषद की चेयरपर्सन एवं जजपा की राष्ट्रीय महासचिव कमलेश सैनी ने भी आज जजपा छोडऩे का ऐलान कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील