पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह व प्रेमलता ने छोड़ी भाजपा, कांग्रेस में होंगे शामिल

former minister birender singh 


चंडीगढ़, 8 अप्रैल (हि. स.)। चार दशक तक कांग्रेस में रहने के बाद दस साल पहले भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने सोमवार को भाजपा के सभी पदों इस्तीफा दे दिया है। बीरेंद्र सिंह के साथ-साथ उनकी पत्नी प्रेमलता ने भी भाजपा को छोड़ दी है। अब मंगलवार को बीरेंद्र सिंह अपने समर्थकों समेत दोबारा कांग्रेस में शामिल होंगे।



बीरेंद्र सिंह हरियाणा की राजनीति में ट्रेजडी किंग के नाम से मशहूर हैं। बीरेंद्र सिंह जब-जब किसी बड़े राजनीतिक पद पर बैठे तब-तब ब्रेक लग गई। अपने बयानों के लिए मशहूर बीरेंद्र सिंह की भले ही बांगर की धरती पर पहले जैसी राजनीतिक पकड़ नहीं रही हो लेकिन प्रदेश की राजनीति में वह एक बड़ा चेहरा हैं।कांग्रेस में रहते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा के विरोधी रहे बीरेंद्र सिंह अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नेतृत्व कबूल करके ही दोबारा कांग्रेस में एंट्री कर रहे हैं। बीरेंद्र सिंह के सांसद बेटे बृजेंद्र सिंह पहले भी भाजपा छोडक़र कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें हिसार लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाएगी। सोमवार को भाजपा के तमाम पदों से इस्तीफा देने के बाद बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने तथा उनकी पत्नी प्रेम लता ने आज अपना इस्तीफा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज दिया है। अब वह मंगलवार को दिल्ली में अपने समर्थकों समेत कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील