कोलकाता। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज (सोमवार) दोपहर कोलकाता पहुंच रहे हैं। वो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। पहले नीतीश कुमार मंगलवार दोपहर पहुंचने वाले थे। दोनों की मुलाकात सचिवालय में होनी थी।

नीतीश कुमार कार्यक्रम में बदलाव कर आज पहुंच रहे हैं। शाम को मुख्यमंत्री ममता और नीतीश कुमार के बीच वार्ता होगी। बैठक के बाद दोनों संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं। इसमें विपक्षी एकजुटता का आह्वान किया जा सकता है।

इससे पहले ममता बनर्जी कोलकाता में सपा नेता अखिलेश यादव से मुलाकात कर चुकी हैं। कुछ समय पहले ओडिशा में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मिल चुकी हैं। इन मुलाकातों को 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट के तौर पर देखा जा रहा है।

ममता ने अखिलेश से मिलने के बाद कहा था तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ेगी। ऐसे में यह देखना होगा कि नीतीश कुमार के 2024 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल होने की उम्मीद कितनी बचेगी।