कोलकाता में संदेशखाली मामले को लेकर भाजपा का विरोध प्रदर्शन

BJP protest in kolkata will be


कोलकाता, 28 फरवरी (हि.स.)। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद कोलकाता में संदेशखाली मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के लिए जुटने लगे हैं। गांधी मूर्ति के पास सैकड़ो की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं का जमघट लगा है जो राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट ने कोलकाता में भाजपा को दो-दिवसीय धरना-प्रदर्शन की मंगलवार को अनुमति दे दी थी। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि प्रदर्शनकारियों की संख्या 150 से अधिक नहीं होनी चाहिए। न्यायमूर्ति कौशिक चंदा ने शहर के मैदान क्षेत्र में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने विरोध-प्रदर्शन की अनुमति देते हुए प्रदर्शन के दौरान लाउडस्पीकर का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया। यह कार्यक्रम बुधवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे के बीच आयोजित किया जाएगा।




भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि वह उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में महिलाओं की यौन उत्पीड़न के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। कोलकाता पुलिस ने विद्यालयों में चल रही माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं के कारण लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध का हवाला देते हुए भाजपा की प्रदेश इकाई को विरोध-प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के सामने पुलिस की बोली नहीं निकलती लेकिन विपक्ष के अधिकारों को कुचलने के लिए सक्रिय रहते हैं। मजूमदार ने हाई कोर्ट का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा की प्रदेश इकाई ने अदालत का रुख करके प्रदर्शन की अनुमति के लिए पुलिस को निर्देश देने का अनुरोध किया था।

 

हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा