गुवाहाटी : प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से कथित रूप से जुड़े चार लोगों को शुक्रवार को असम के कामरूप जिले से गिरफ्तार किया गया।

असम पुलिस के विशेष महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने एक ट्वीट में कहा कि ‘‘प्रतिबंधित पीएफआई के चार सदस्यों’’ को जिले के विभिन्न हिस्सों से पकड़ा गया है।

नवीनतम गिरफ्तारी के साथ राज्य के विभिन्न हिस्सों से अब तक कुल 40 लोगों को प्रतिबंधित संगठन से कथित रूप से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में स्थित पीएफआई, असम के मुख्यालय को पुलिस पहले ही सील कर चुकी है।

केंद्र सरकार द्वारा संगठन पर प्रतिबंध लगाने के बाद करीमगंज और बक्सा में भी इसके स्थानीय कार्यालयों को सील कर दिया गया था।