ईटानगर : केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने अरूणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों के नाम में परिवर्तन को खारिज किया है और कहा है कि देश के बाहर किसी द्वारा भारत के स्थानों के नाम परिवर्तन से उनकी स्थिति में कोई अंतर नहीं आएगा।

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री ने कहा कि इस तरह का नाम परिवर्तन किसी को भी स्वीकार्य नहीं होगा।

उन्होंने बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘अरूणाचल का नाम देश ने दिया है और वह सबको स्वीकार्य है। हमारे परंपरागत नाम, हमारे समुदाय की पहचान हमेशा बने रहेंगे। अगर बाहर का कोई कुछ नाम देता है तो उससे हमारी स्थिति नहीं बदलेगी।’’

रिजिजू अरूणाचल प्रदेश में 15 स्थानों के नाम बीजिंग द्वारा बदले जाने से जुड़े एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने पूछा, ‘‘अगर देश के बाहर का कोई नाम बदल देता है तो क्या हम उसे स्वीकार कर लेंगे? हमारे माता-पिता द्वारा दिए गए नाम ही असली नाम होते हैं। अगर कोई आपका नाम जबरन बदल देता है तो क्या आप उसे स्वीकार करेंगे?’’

चीन द्वारा अरूणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों के नाम बदले जाने को भारत पहले ही खारिज कर चुका है और कहा है कि राज्य ‘‘हमेशा’’ से भारत का अभिन्न अंग रहा है और ‘‘हमेशा’’ अभिन्न अंग रहेगा।