ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने रविवार को 2021 के लिए राज्य विधानसभा का ई-कैलेंडर जारी किया, जो देश में किसी भी सरकारी प्रतिष्ठान द्वारा इस तरह की यह पहली पहल है।


मुख्यमंत्री ने एक अभिनव पहल के रूप में इसकी सराहना करते हुए कहा कि कैलेंडर पर्यटकों के लिए एक गाइडबुक के रूप में भी काम करेगा।

खांडू ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मैं अरुणाचल प्रदेश विधानसभा को भारत में किसी भी सरकारी प्रतिष्ठान द्वारा पहली बार ई-कैलेंडर की शुरूआत करने के लिए बधाई देता हूं। कैलेंडर सभी महत्वपूर्ण घटनाओं की सचित्र जानकारी और छुट्टियों के विवरण के साथ ही पर्यटन गाइडबुक के रूप में जानकारी का भंडार है।’’

राज्य में प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले अरुणाचल प्रदेश विधानसभा ने सदन को कागज रहित बनाने के लिए ई-विधान को अपनाया था।

खांडू ने कहा, ‘‘हम प्रौद्योगिकी से भाग नहीं सकते। विकास को गति देने के लिए हमें इसका उपयोग बढ़ाना चाहिए।’’