दतिया (मप्र): कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा शुक्रवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंची। यहां उन्होंने श्री पीतांबरा शक्ति पीठ में पूजा-अर्चना की। कांग्रेस के एक नेता ने इसकी जानकारी दी ।

श्री पीतांबरा पीठ हिंदू मंदिरों का एक परिसर है और यह देश में एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ है।

मध्यप्रदेश के सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘ प्रियंका गांधी वाद्रा विशेष विमान से यहां प्रसिद्ध मंदिर में पूजा अर्चना के करने पहुंचीं।’’ प्रियंका की यात्रा को देखते हुए मंदिर के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया था।



पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेता के दतिया से दोपहर के बाद लखनऊ के लिए रवाना होने की संभावना है।



उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होगें।