सोमवती अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में पुण्य की डुबकी

haridwar/dharm/ ganga snan.......


हरिद्वार, 08 अप्रैल (हि.स.)। देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने आज सोमवती अमावस्या पर हरकी पैड़ी, ब्रह्म कुण्ड समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर पुण्य की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। गंगा स्नान के पश्चात लोगों ने देवालयों में जाकर देव दर्शन किए और दान-पुण्य आदि कर्म किए। बड़ी संख्या में लोगों ने नारायणी शिला पर पितरों के निमित्त श्राद्ध तर्पण, नारायण बलि आदि कर्म कर पितरों के मोक्ष की कामना की। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।





आज सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य सलिला गंगा में डुबकी लगाई। सोमवार की सुबह से आरम्भ हुआ स्नान का सिलसिला अनवरत जारी रहा। हरकी पैड़ी ब्रह्म कुण्ड समेत गंगा के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिन भर जुटी रही। स्नान के पश्चात लोगों ने देव दर्शन कर दान-पुण्य आदि कर्म कर पुण्य अर्जित किया।



अमावस्या पर पितरों के निमित्त श्राद्ध-तर्पण आदि का विधान है। इस कारण से नारायणी शिला पर पितरों के निमित्त श्राद्ध-तर्पण, नारायण बलि करने वालों की भी भारी भीड़ रही। मान्यता है कि नारायणी शिला पर पितरों के निमित्त श्राद्ध-तर्पण और पिण्डदान करने से उनको मोक्ष की प्राप्ति होती है।



भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात थे। यातायात व्यवस्था दुरूस्त बनाए रखने के लिए यातायात प्लान भी लागू किया गया था। इसके बावजूद जाम से लोग हलकान रहे।



सुबह से आरम्भ हुआ स्नान का सिलसिला दिन भर अनवरत जारी रहा। तीर्थनगरी हरिद्वार के आश्रम-अखाड़ों में भी सोमवती अमावस्या पर कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सत्यवान/रामानुज