लोस चुनाव : पंकज, नीरज ने संभाला लखनऊ में प्रचार की कमान, सपा भी सक्रिय

Pankaj, Neeraj took command of campaign, Ravidas active 2


लखनऊ, 13 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पांचवें चरण में लखनऊ लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी(सपा) के बीच ही मुकाबला होता दिख रहा है। जहां भाजपा से देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनावी मैदान में हैं वहीं सपा से रविदास महरोत्रा। भाजपा के उम्मीदवार राजनाथ सिंह के दोनों पुत्र विधायक पंकज सिंह एवं नीरज सिंह ने चुनाव प्रचार की कमान सम्भाल ली है तो सपा उम्मीदवार रविदास महरोत्रा भी सक्रियता दिखाते हुए पूरे तन-मन से प्रचार में जुटे हैं।



सपा उम्मीदवार रविदास महरोत्रा ने वर्ष 2022 में लखनऊ मध्य सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। भाजपा से विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी रजनीश गुप्ता चुनाव हार गये थे। 2024 में लोकसभा टिकट मिलने के बाद रविदास महरोत्रा ने सबसे पहले लखनऊ मध्य के अपने वोटरों को रिझाने के लिए उनसे सम्पर्क का कार्यक्रम बनाया। जिसमें स्थानीय नेताओं को शामिल कर उनके साथ घूमते हुए रविदास ने सायंकाल बैठकें शुरु की।

लखनऊ पश्चिम विधानसभा पर कभी भाजपा का कब्जा होता था। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा के अरमान ने पश्चिम विधानसभा से जीत हासिल की। सपा विधायक अरमान भी अपने पार्टी उम्मीदवार रविदास को जीताने के लिए समीकरण बनाने में जुटे है। शहर की दो विधानसभाओं लखनऊ मध्य और पश्चिम में सपा उम्मीदवार के पक्ष में करीब 60 से 65 बैठकें हो चुकी है।

सपा उम्मीदवार रविदास महरोत्रा ने कैण्ट विधानसभा और उत्तर विधानसभा में भी सम्पर्क तेज कर दिया है। उत्तर विधानसभा से सपा की पूर्व प्रत्याशी पूजा शुक्ला बूथ कार्यकर्ताओं से बातचीत और बैठकें कर रही है। लखनऊ पूर्व विधानसभा में सपा के पुराने चेहरे के अलावा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा भी प्रचार कर रहे हैं।

लखनऊ लोकसभा सीट पर भाजपा के उम्मीदवार राजनाथ सिंह वर्तमान समय में देश के रक्षामंत्री है। राजनाथ सिंह के राजनीतिक कद के अनुसार लखनऊ सहित पूरे देश में उनके समर्थकों के संख्या की कोई गिनती नहीं है। फिर भी भाजपा के महानगर टीम से जुड़े चेहरे भाजपा के उम्मीदवार राजनाथ सिंह के लिए दिनरात बूथ प्रबंधन की बैठकें कर रहे है। इसमें भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनन्द, विधायक नीरज बोरा, एमएलसी व चुनाव संयोजक मुकेश शर्मा, सह संयोजक पुष्कर शुक्ला, घनश्याम अग्रवाल गुड्डा, त्रिलोक अधिकारी की मुख्य भूमिका नजर आयी है।

राजनाथ सिंह के दोनों पुत्र विधायक पंकज सिंह एवं नीरज सिंह भाजपा में सक्रिय चेहरे के रुप में पहचाने जाते हैं। विधायक पंकज सिंह वर्तमान समय में प्रदेश उपाध्यक्ष हैं तो नीरज सिंह लखनऊ में गली मोहल्ले तक के भाजपा कार्यकर्ताओं से जुड़े हुए हैं। पंकज सिंह और नीरज सिंह के लखनऊ चुनाव प्रचार की कमान सम्भाल लेने के बाद बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में जोश भर गया है।

शहर में सपा के हाथ लगी दो विधानसभा सीटों मध्य और पश्चिम में नीरज सिंह व विधायक पंकज सिंह चुनावी बैठकें कर रहे हैं। जिससे भाजपा को मत देने वाले मतदाताओं को मतदान दिवस वाले दिन घर से निकाला जा सके। बूथ के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए नीरज सिंह सभी से सीधी वार्ता कर रहे है।

वर्ष 2024 तक लखनऊ में विकास हुआ है और नई तस्वीर देखने को मिली है। राजनाथ सिंह के सांसद रहते हुए लखनऊ को नए फ्लाईओवर,पार्को में जिम,आउटर रिंग रोड,अस्पतालों में नई मशीनों का उपहार मिला है। सांसद के विकास कार्यो की सूची बनाकर प्रचार करते हुए भाजपा के पदाधिकारी मिल रहे है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार के विकास कार्यो को गिनाते हुए सपा उम्मीदवार रविदास व उनके प्रचार में जुटे कार्यकर्ता देखे जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजेश