हैदराबाद : उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने बृहस्पतिवार को रामायण को ‘सर्वकालिक महाग्रंथ’ बताते हुए कहा कि इसमें बताया गया है कि कर्तव्य निर्वहन भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना अपने अधिकारों के लिए दावा करना।

उन्होंने युवकों से कहा कि मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करने के लिए वे भगवान राम से प्रेरणा लें।

नायडू ने शशि किरण द्वारा लिखित पुस्तक ‘श्रीमदरामायणम’ का विमोचन करने के बाद कहा कि एक शासक के तौर पर उन्होंने नेतृत्व, सुशासन और कानून के शासन जैसे उच्च गुणवत्ता को प्रदर्शित किया। इस पुस्तक में भगवान राम के जीवन का वर्णन है।

नायडू ने कहा, ‘‘परिवार, जनता और साम्राज्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए भगवान राम मानवता के आदर्श हैं।’’

नायडू ने कहा कि भगवान राम ने समाज के हित में नि:स्वार्थ जीवन जिया और कहा कि देश के युवा भी उनके जीवन से प्रेरणा लें।