हैदराबाद : केंद्र सरकार भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्षों के पूरे होने के उपलक्ष्य में देश भर में 75 विज्ञान संग्रहालय स्थापित करेगा। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को यहां यह जानकारी दी।

सिंह ने आज भारत के पहले अनोखे “रॉक म्यूजियम” का उद्घाटन किया और बाद में सीएसआईआर- राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (एनजीआरआई) में वैज्ञानिकों को संबोधित किया।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “हम आजादी के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं इसलिए हाल में हमने यह फैसला भी लिया है कि हमारे पास देश भर में 75 विज्ञान संग्रहालय होंगे। हमने लगभग दो महीने पहले संस्कृति मंत्रालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।”

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि केंद्र सरकार वैज्ञानिक स्वभाव को प्रोत्साहित करने को लेकर जल्द ही देश भर में विज्ञान संग्रहालय स्थापित करेगी।

उन्होंने कहा कि भूविज्ञान नए भारत में आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘ओपन रॉक म्यूजिक’, कई कम ज्ञात तथ्यों के बारे में जनता को शिक्षित और सूचित करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है, जिसमें भारत के विभिन्न हिस्सों से लगभग 35 विभिन्न प्रकार की चट्टानें हैं, जिनकी उम्र 3.3 अरब वर्ष से लेकर पृथ्वी के इतिहास के लगभग 5.5 करोड़ वर्ष तक है।