झुंझुनू, 4 अप्रैल (हि.स.)। झुंझुनू जिले में मारपीट कर गाड़ी से टक्कर मारकर एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना में चार से पांच अन्य युवक भी घायल हुए है। जिसमें एक युवक को सीकर रैफर किया है। मृतक युवक व घायल सभी दोस्त है। घटना देर रात सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के जीणी गांव की है। थानाधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया मृतक विजय नायक (36) सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के भॉपर गांव का रहने वाला था। बुधवार देर रात अपने दोस्त अनिल के साले की बारात में शामिल होने जीणी गया था। बारात चिडावा थाना क्षेत्र के नरहड़ गांव से गई थी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मृतक के भाई कृष्ण कुमार पुत्र लीलाधर ने रिपोर्ट दी है। जिसमें हत्या का मामला दर्ज करवाते हुए बताया है कि 3 अप्रैल को रात को उसका भाई विजय सिंह नरहड निवासी कपिल कुमार की शादी में शामिल होने गया था। कपिल की बारात नरहड से जीणी गई थी। जहां रात को सवा दस बजे के करीब मेरा भाई विजय व उसका दोस्त अनिल कुमार व अन्य दोस्त जीणी में रामदेव मंदिर के पास खड़े थे। तभी विवेक पुत्र महेन्द्र, नितेश पुत्र कर्णसिंह, अरविन्द पुत्र शेरसिंह निवासी नरहड़ आये और उसके भाई व अन्य दोस्त के साथ मारपीट करने लग गए।



फिर गाली गलौच करते हुए चले गए। थोड़ी देर बाद विवेक, नितेश व अरविंद तीन चार अन्य व्यक्ति बोलेरो कार में सवार होकर आए। गाड़ी को विवेक चला रहा था। जिसने जान से मारने की नियत से गाड़ी को उसके भाई उपर चढ़ा दी तथा अन्य दोस्तों के भी टक्कर मारकर भाग गए। उसके भाई विजयसिंह को गंभीर हालात में पिलानी के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहा से हालात गंभीर होने पर हिसार रैफर कर दिया। जहा बीच रास्ते में ही विजय ने दम तोड दिया।



गुरुवार सुबह कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन व ग्रामीण थाने पर एकत्रित हो गए। सूचना पर चिडावा पुलिस उपाधीक्षक विकास धींधवाल मौके पर पहुंचे। परिजनों व ग्रामीणां से समझाईस की। उसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। थानाधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच कर रहे है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रमेश सर्राफ/ईश्वर