पाली, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के रायपुर मारवाड़ थाना क्षेत्र के बर गांव में शनिवार सुबह छह बजे में एक पति ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद लाश को घर में ही छोड़कर दो किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

डीएसपी सीमा चौपड़ा ने बताया कृष्णा (45) रोजाना की तरह सुबह पांच बजे उठी थी। छत पर बनी रसोई में काम करने चली गई। करीब छह बजे पति कैलाश सैन (50) उठा और छत पर पहुंच गया। जीने (सीढ़ियां) के गेट को बंद करने के बाद वह रसोई में पहुंचा। इसके बाद पति पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। तैश में आकर कैलाश ने रसोई में रखा चाकू उठाकर कृष्णा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात के वक्त घर में कृष्णा की बहन, बेटी कविता (27), बेटा पुनीत (25) और नीरज (22) सो रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति कैलाश घर से दो किलोमीटर दूर बर थाने में पैदल ही करीब 7:30 बजे पहुंचा और खुद को सरेंडर कर दिया।

पुलिस ने मौके से एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए है। सबूतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के लिए महिला के शव को बर के राजकीय चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। कृष्णा के पेट, हाथ, सिर समेत शरीर पर वार के 10 निशान हैं।



महिला के भाई सुरेश सैन ने बताया- बहन कृष्णा की शादी करीब 30 साल पहले कैलाश से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। पिछले दो साल से जीजा कैलाश रुपए के लिए बहन को परेशान कर रहा था। 20 साल पहले हमने मकान बनाने के लिए कैलाश को रुपए दिए थे, जो उसने वापस नहीं लौटाए। कैलाश के पिता की मौत होने पर भी सारा खर्च हमने ही वहन किया था। कृष्णा आंगनबाड़ी में कार्यकर्ता थी। उससे फोन पर लगभग रोज बात होती थी। आरोपी रुपयों के लिए दो साल से रोजाना उसे टॉर्चर कर रहा था।

सुरेश ने बताया- कृष्णा का बेटा पुनीत जैतारण डाक विभाग में दो साल से कार्यरत है। छोटा बेटा नीरज अनाज क्रय विक्रय का काम करता है। 20 दिन पहले एक बहन कृष्णा के घर गई थी। वह वहीं रहकर ब्यूटी पार्लर का काम सीख रही थी। सुरेश सैन ब्यावर के जवाजा थाना क्षेत्र के सांगरवास गांव में हलवाई का काम करता है। महिला के भांजे हितेश सैन ने बताया- दो साल से मौसा कैलाश रुपयों के लिए मौसी और बच्चों को परेशान कर रहा था। मैं कई बार घर आया था। इस दौरान भी मौसी से रुपयों के लिए मारपीट करता था।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/ईश्वर