जोधपुर, 2 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सांसदों ने कोई काम नहीं किया। यह चार सौ पार क्यों कह रहे है? अब माहौल बदल रहा है। इस बार चुनाव परिणाम चौकानें वाले होंगे। वे आज कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी करणसिंह उचियारड़ा की उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि आज की इतनी भीड़ अपने आप में संदेश है। काफी समय बाद इतनी भीड़ आई, मैंने जब पहला चुनाव लड़ा था तो मैं इंदिरा गांधी के साथ इस स्टेडियम में आया था। उस समय जो नजारा था, वहीं नजारा आज नजर आ रहा है। अब माहौल बदल रहा है, हमने प्रदेश में अच्छे उम्मीदवार दिए है। भाजपा के सांसदों ने कोई काम नहीं किया। यह 400 पार क्यों कह रहे? क्योंकि उन्हें संविधान में संशोधन करने है। यह आरक्षण खत्म कर सकते हैं। इस बार चुनाव परिणाम चौंकाने वाले होंगे।



गहलोत ने कहा कि भाजपा ने इलेक्ट्रॉल बॉन्ड के घोटाले किए। कांग्रेस के खाते बंद कर दिए। विदेशी सरकारों ने मुख्यमंत्रियों को जेल भेजने पर आपत्ति जताई है। पूरी दुनिया में देश की बदनामी हो रही, आपके सामने बड़ी चुनौती है। अगर मोदीजी जीत गए तो अगली बार चुनाव होंगे या नहीं, यह डर बना हुआ है।



पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि आपके सांसद और मंत्रीजी ने कोई काम नहीं किया। ईआरसीपी के नाम पर प्रदेश के साथ धोखा कर रहे और नर्मदा का पानी कांग्रेस लेकर आई है। इस चुनावी सभा को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासर सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने भी संबोधित किया।



हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप