इंफाल (मणिपुर), 03 दिसंबर (हि.स.)। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि मणिपुर के हालात में तेजी से सुधार आ रहा है। उन्होंने कहा कि एक घटना को छोड़कर दो-तीन महीने के अंदर कोई भी बड़ी घटना नहीं हुई है। उन्होंने आज मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएफ) के साथ युद्ध विराम समझौता होने के बाद स्थिति काफी सामान्य हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां आकर तीन दिन रहे हैं तथा सभी गुटों से बातचीत करके स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिशें की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय यहां आकर 25 दिन से ज्यादा समय तक रह चुके हैं। इस दरम्यान केंद्र सरकार द्वारा कई सुरक्षा विशेषज्ञों को यहां तैनात किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब धीरे-धीरे लोग राहत शिविरों से अपने घरों में जाने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कूकी समुदाय के लोगों का घर नहीं जलाया गया है, इसीलिए अब धीरे-धीरे वे लोग अपने घर लौटने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों का घर इस दौरान जला दिया गया, उन्हें सरकार घर बनाने के लिए रुपए दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अलग-अलग गुटों के साथ बातचीत कर रही है। वहीं, अलग-अलग समुदाय आपस में भी बातचीत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही मणिपुर समस्या का शांतिपूर्ण और सर्वमान्य समाधान निकल आएगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल सरकार के सभी कामों की आलोचना करते हैं, यह उनका धर्म है। लेकिन, ऐसे हालात में राजनीति करना कुछ ठीक नहीं लगता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी कुछ कहने की उनकी मानसिक स्थिति नहीं है।

उल्लेखनीय है कि 3 मई से मणिपुर में हिंसा की स्थिति बनी हुई है। उच्च न्यायालय द्वारा मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने संबंधी सिफारिश के बाद मणिपुर में अशांति फैल गई थी।