इंफाल, 16 अगस्त (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह कांग्रेस के एक विधायक और छह पूर्व विधायकों के साथ रविवार को चार्टर्ड विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए।


नयी दिल्ली के लिए विशेष चार्टर्ड विमान में मुख्मयंत्री के साथ जो एकमात्र कांग्रेस विधायक रवाना हुए, वह उनके रिश्तेदार आर के इमो सिंह हैं।

रवाना होने से पहले बिरेन सिंह ने कहा कि वह और वर्तमान एवं पूर्व विधायक राष्ट्रीय राजधानी में व्यक्तिगत रूप से परिचय देने के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मिलेंगे।

मुख्यमंत्री के साथ रवाना हुए छह पूर्व विधायक वे विधायक हैं जिन्होंने 10 अगस्त को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था और 11 अगस्त को कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी।

ये सभी उन विधायकों में शामिल हैं जो पिछले सप्ताह कांग्रेस के व्हिप का उल्लंघन करते हुए विधानसभा के एक दिवसीय सत्र से दूर रहे थे और इस तरह भाजपा नीत एन बिरेन सिंह सरकार ने विश्वास मत जीत लिया था।