रांची, 19 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं भयमुक्त कराने के लिए पुलिस प्रशासन कई स्तरों पर तैयारी कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार की रात डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा झारखंड बंगाल के इंटरस्टेट चेकपोस्ट का निरीक्षण किया।

बोकारो रेंज के डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा सोमवार रात को अचानक चंदनकियारी प्रखंड स्थित इंटरस्टेट सीमाओं पर स्थित चेकनाका में पहुंचकर निरीक्षण किया। डीआईजी चंदनकियारी, भोजूडीह और बरमसिया चेकनाका का जायजा लिया और वहां मौजूद दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने, अवैध सामग्रियों के परिवहन पर रोकथाम लगाने के लिए कई दिशा निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि चेक पोस्ट पर 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी, हर आने जाने वाले वाहनों को गहनता से जांच की जाएगी। खास तौर पर शराब, नगदी व आर्म्स मतदाताओं को प्रभावित करने वाली अन्य सामग्री पर नजर रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा ने चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों का हौसला भी बढ़ाया और बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना