जयपुर: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण समारोह रविवार को शिमला में होगा, जहां सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी इस समय ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत राजस्थान में हैं।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘यात्रा के 95वें दिन की शुरुआत सुबह छह बजे हुई। आज सुबह 13 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद राहुल गांधी हिमाचल में नयी कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने शिमला जाएंगे। वह शाम को लौटकर यात्रा में नौ किलोमीटर और चलेंगे।’’

यात्रा इस समय बूंदी जिले में है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के अनुसार, गहलोत विशेष विमान से जयपुर से दिल्ली और दिल्ली से चंडीगढ़ जाएंगे। वह वहां से हेलीकॉप्टर से शिमला जाएंगे।