भिवानी (हरियाणा),:हरियाणा के चरखी दादरी में मिला कंकाल अगस्त से लापता एक पुलिसकर्मी का होने की आशंका है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि कंकाल के पास मिले फटे हुए कपड़ों और मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान जसबीर के तौर पर की गई है, जो भिवानी जिले के तोशाम पुलिस थाने में तैनात था।

जसबीर 26 अगस्त को तोशाम पुलिस थाने से एक बंदूक के साथ निकला था और तब से वह लापता था। इस संबंध में एक शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जसबीर के आखिरी बार चरखी दादरी में होने का पता चला था, लेकिन उसके बारे में कोई और जानकारी नहीं मिल पाई थी।

अधिकारियों ने बताया कि भिवानी पुलिस ने शुक्रवार शाम को चरखी दादरी सिविल हॉस्पिटल के पीछे सड़क के पास एक कंकाल बरामद किया। कंकाल को सिविल हॉस्पिटल में रखा गया है।

पुलिस उपाधीक्षक (दादरी मुख्यालय) वीरेंद्र सिंह के अनुसार, मौके पर मिले सामान से ऐसा लगता है कि यह कंकाल जसबीर का है। मामले की जांच चल रही है।