पटना, तीन नवंबर (भाषा) बिहार की मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीटों के लिए जारी उपचुनाव के तहत बृहस्पतिवार अपराह्न एक बजे तक औसतन 31.90 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अपराह्न एक बजे तक मोकामा में 34.26 प्रतिशत और गोपालगंज में 29.90 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

जानकारी के अनुसार, इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर चाक-चौबंद प्रबंध किया गया है तथा सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ प्रयाप्त संख्या में ईवीएम और वीवीपैट की व्यवस्था की गई है।

मोकामा विधानसभा क्षेत्र में 2.81 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस क्षेत्र में सुचारू मतदान के लिए 289 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मोकामा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नीलम देवी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सोनम देवी सहित कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

वहीं, गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र में कुल 3.31 लाख से अधिक मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस क्षेत्र में सुचारू रूप से मतदान कराने के लिए 330 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

गोपालगंज से कुल नौ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें राजद, भाजपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अलावा ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) का उम्मीदवार भी शामिल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दो महीने पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने के बाद कमजोर हुई भाजपा और प्रदेश में सत्ताधारी महागठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी राजद के लिए इस उपचुनाव को प्रदेश में सत्ता समीकरण बदलने के बाद के पहले शक्ति परीक्षण के तौर पर देखा जा रहा है।

इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। दोनों सीटों पर हो रहे उपचुनाव के नतीजे छह नवंबर को घोषित किए जाएंगे।