पणजी : गोवा में यूक्रेन के नागरिकों के एक समूह ने शुक्रवार को कहा कि भारत को उनके देश की मदद करनी चाहिए, जिस पर रूस ने आक्रमण कर दिया है।

उन्होंने कहा कि उनका देश अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहा है।

रूसी सैनिकों के कीव के बाहरी इलाके में पहुंचने पर वाई.जेनिया मारिंच अपनी मां को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी मां कीव में है और बमबारी से बचने के लिए एक तहखाने में छिपी हुई हैं।’’

जेनिया, यहां यूक्रेन के नागरिकों द्वारा किये गये एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल हुई।

यहां सेंट मेरी इमकुलेट कंसेप्शन चर्च के पास एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उनके देश पर रूस के हमले को रोकने के लिए भारत को हस्तक्षेप करना चाहिए।

जेनिया ने कहा, ‘‘हम भारत से मदद का अनुरोध करते हैं। भारत एक शक्तिशाली देश है।’’

उन्होंने कहा कि यूक्रेन के कई लोग गोवा में बसे हुए हैं। लेकिन कुछ यूक्रेनी नागरिक पर्यटक के तौर पर आए और अब फंस गये हैं।

एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘हम स्थिति के बारे में भारतीयों के बीच जागरूकता लाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। हम शांति चाहते हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत एक शक्तिशाली देश है। हम भारत से हमारी और यूक्रेन की मदद करने का अनुरोध करते हैं। हम प्रतिबंधों से भी कुछ अधिक चाहते हैं तथा यह आज और अभी होना चाहिए। ’’