रायजादा का अन्ना आंदोलन के सच्चे सिपाहियों से बीएलपी से जुड़ने का आह्वान, कहा-डूब रही आम आदमी पार्टी की नाव

Raizada-Anna movement. True soldier. blp 


नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय लिबरल पार्टी (बीएलपी) के अध्यक्ष डॉ. मुनीश कुमार रायजादा ने अन्ना आंदोलन के सच्चे सिपाहियों का आह्वान किया है कि वह व्यवस्था परिवर्तन के सपने को पूरा करने के लिए भारतीय लिबरल पार्टी से जुड़ें । डॉ. रायजादा ने दिल्ली सरकार के मंत्री राजकुमार आनंद के इस्तीफे पर टिप्पणी करते हुए यह अपील की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी आम आदमी पार्टी की नाव अब डूब रही है। इस पार्टी के दिल्ली सरकार के दस साल भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और झूठ से भरे थे। आम आदमी पार्टी अब डूबती हुई नाव है।



उन्होंने कहा कि जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सच्चा चेहरा धीरे-धीरे सामने आ रहा है। शराब घोटाला मामले में केजरीवाल की भागीदारी उनके असली चेहरे को देश के सामने ले आई है। इतने बड़े आरोप लगने के बावजूद भी वह थोड़ी राजनीतिक नैतिकता दिखा कर इस्तीफा देने के बजाय जेल से कानूनी खेल खेल रहें हैं। डॉ. रायजादा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायकों को भी महसूस होने लगा है कि जेल में बंद भ्रष्ट अरविंद केजरीवाल उनके भविष्य को नुकसान पहुंचा रहे हैं।







बीएपी अध्यक्ष डॉ रायजादा ने अन्ना आंदोलन और इंडिया अगेंस्ट करप्शन मूवमेंट से जुड़े लोगों को भारतीय लिबरल पार्टी से जुड़ने का न्यौता दिया है।उन्होंने कहा कि आप सब ईमानदार राजनीति के पहल का समर्थन करने के लिए साथ आएं। भारतीय लिबरल पार्टी राजनीति में नैतिकता और जवाबदेही को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।



उन्होंने साफ किया है कि भारतीय लिबरल पार्टी ने सत्ता का दोबारा दुरुपयोग होने से बचाने के लिए तो नीतियों को अपनाया है। प्रमुख नीति यह है कि पार्टी की शीर्ष नेतृत्व चुनाव नहीं लड़ेगा। 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों का चयन लोगों द्वारा किया जाएगा (लोक उम्मीदवार)। सोशल इलेक्शन के माध्यम से उम्मीदवारों का चयन होगा। जिस उम्मीदवार को सबसे अधिक वोट मिलेंगे उसको विधानसभा का टिकट दिया जाएगा। डॉ. रायजादा का मानना है कि यह व्यवस्था लोगों के प्रति जवाबदेही को सुनिश्चित करेगी।



हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद