नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के प्रमुख महानगर उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद में हवा ने फेफड़ों पर आपातकाल लागू कर दिया है। हवा इतनी खराब (जहरीली) हो गई है कि लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में कठिनाई महसूस होने लगी है। इससे दिल्लीवाले बेहाल हैं।



केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शुक्रवार सुबह पांच बजे आंकड़े जारी किए हैं। इन आंकड़ों मुताबिक दिल्ली में गंभीर श्रेणी के साथ एक्यूआई 459 बना हुआ है। नोएडा में यह स्तर 418 है। गाजियाबाद का एक्यूआई सुबह 363 दर्ज किया गया है। गुरुवार शाम पांच बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 402 था। इसे वायु गुणवत्ता सूचकांक का सबसे खतरनाक स्तर माना जाता है। आज सुबह यह इस स्तर को भी पार कर गया।



राष्ट्रीय राजधानी में तेजी से जहरीली हो रही हवा के बीच दिल्ली सरकार ने गुरुवार को बड़ा फैसला लिया। इसके तहत नर्सरी से लेकर कक्षा पांच तक के स्कूल दो दिन तक (तीन और चार नवंबर) बंद रहेंगे। हालांकि, शिक्षा निदेशालय ने कहा है कि ऑनलाइन कक्षा जारी रहेंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार रात फैसले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उधर, वैज्ञानिकों ने अगले दो सप्ताह में प्रदूषण और बढ़ने का अनुमान जताया है।