धमतरी, 26 अप्रैल् (हि.स.)।लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो गया है। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के धमतरी विधानसभा क्षेत्र व कुरुद विधानसभा क्षेत्र तथा कांकेर लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सिहावा विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है। मतदाताओं में उत्साह का आलम यह था कि वह मतदान केंद्र के खुलने के पहले ही मतदान केंद्रों तक पहुंच गए थे। मतदान केंद्रों में लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी। अभी भी उत्साह से मतदाता वोट कर रहे हैं। मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा उचित व्यवस्था की गई है।

बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए अलग से व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है, जहां स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता बूथ केंद्र तक मतदाताओं को ले जा रहे हैं। सुबह सात बजे से लेकर शाम पांच तक मतदान होना है।

धमतरी शहर के अलग-अलग क्षेत्र में बनाए गए मतदान केंद्रों में मतदाता पहुंचकर मतदान करने में लगे हुए हैं। कई स्थानों पर आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न सेल्फी जोन की बनाए गए हैं जहां युवा मतदाताओं का उत्साह देखते ही बना रहा है। मतदान के बाद भी सेल्फी जोन में जाकर अपना फोटो ले रहे हैं। इसी तरह अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल प्रतिबंधित है। मतदान केंद्रों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मतदान केंद्रों के अंदर व बाहर पुलिस बल तैनात हैं।



बुजुर्ग और युवा साथ-साथ



महासमुन्द लोकसभा क्षेत्र के ज्यादातर बूथों में स्वयंसेवी छात्राओं को तैनात किया गया है। जहां वे बुजुर्ग महिला-पुरुषों को व्हीलर चेयर की मदद से, कंधे का सहारा देकर मतदान केंद्र से 100 मीटर की प्रतिबंधित दूरी, जहां किसी भी वाहन का प्रवेश निषिद्ध होता है। वहां तक पहुंचा रहे हैं। इस व्यवस्था से लोकतंत्र की खूबसूरती नजर आ रही है। जब युवा पीढ़ी, बुजुर्गों को ससम्मान मतदान करने में मदद कर रहे हैं।







हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा