धमतरी, 15 मार्च (हि.स.)। शिकारी द्वारा वन्य प्राणी के शिकार के लिए चलाए गए बंदूक का छर्रा एक नाबालिग छात्रा को लग गया। इस घटना में छात्रा घायल हो गई है। घटना 14 मार्च की है।

मिली जानकारी के अनुसार गंगरेल क्षेत्र के जंगल में किस कदर वन्य प्राणी का छिपकर शिकार किया जाता है, इसका खुलासा बंदूक से निकले छरें से एक छात्रा के घायल होने से हुआ है। घटना बुधवार की है। अधारी नवागांव निवासी एक परिवार पिछले कुछ समय से गंगरेल में रह रहा है। परिवार की 11वीं कक्षा की एक छात्रा गंगरेल के बिजली आफिस के पास किसी काम से रूकी थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे अज्ञात शिकारी ने वन्य प्राणी के शिकार के लिए बंदूक चला दी। बंदूक से निकला छर्रा शिकार को लगने की बजाय छात्रा को लग गया। बंदूक का छर्रा लगने से घायल छात्रा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है। बंदूक चलाने वाला फिलहाल अज्ञात है। इस मामले में संबंधित थाना के अधिकारी व डाक्टर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। यह भी चर्चा है कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जाता है कि बंदूक चलाने वाला रूद्री निवासी चिकित्सक का पुत्र है। एसपी आंजनेय वाष्र्णेय ने बताया कि घटना में एक बच्ची घायल हुई है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा